नयी दिल्ली, 23 अप्रैल दिल्ली की कई ट्रैवल एजेंसियों ने बुधवार को बताया कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पर्यटकों द्वारा सुरक्षा कारणों से जम्मू-कश्मीर के लिए लगभग 90 प्रतिशत बुकिंग रद्द करा दी गई हैं।
कनॉट प्लेस के ‘आउटर सर्कल’ में शंकर मार्केट स्थित ‘स्वान ट्रैवलर्स’ नाम की एक कंपनी के मालिक गौरव राठी ने बताया कि लगभग 25 लोगों ने उनसे जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी बुकिंग रद्द करने को कहा है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश पर्यटकों ने अगले महीने कश्मीर जाने की योजना बनाई थी और अब वे बुकिंग रद्द करने का अनुरोध कर रहे हैं।
कश्मीर के पहलगाम शहर की बैसरन घाटी में ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार को करीब तीन बजे हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं।
पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन चीड़ के पेड़ों के घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक रमणीय विशाल घास का मैदान है तथा देश व दुनिया के पर्यटकों के बीच पसंदीदा स्थान है।
दिल्ली में ट्रैवल एजेंसियों ने बताया कि कश्मीर के लिए लगभग 90 प्रतिशत बुकिंग रद्द कर दी गई हैं जबकि कुछ पर्यटक वैकल्पिक गंतव्यों को लेकर तोल-मोल कर रहे हैं।
कुशा ट्रैवल्स के मालिक देव ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “कुछ परिवारों ने हमसे बुकिंग कराईं थीं। बस और फ्लाइट टिकट से लेकर होटल तक, सब कुछ पहले से बुक था। लेकिन जैसे ही आतंकी हमले की खबर आई, हमें बुकिंग रद्द करने के लिए फोन आने लगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY