ठाणे, तीन अगस्त महाराष्ट्र के कृषि आयुक्त सुनील चव्हाण ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में खरीफ सत्र के दौरान 87 प्रतिशत बुवाई का काम पूरा हो चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि सत्र के दौरान किसानों के लिए खाद और बीज पूरी तरह उपलब्ध हैं।
यहां जिला सूचना कार्यालय से जारी एक बयान में चव्हाण के हवाले से कहा गया है कि खरीफ सत्र के दौरान बुवाई के लिए कुल भूमि का रकबा 142 लाख हेक्टेयर है और कुल 123.78 लाख हेक्टेयर को खेती के दायरे में लिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में एक जून से 31 जुलाई के बीच 570.50 मिलीमीटर बारिश हुई, जो औसत बारिश 538.50 मिमी का 106 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में विशेष रूप से कपास, सोयाबीन, अरहर और धान की पुनर्बुवाई में तेजी आई है। 31 जुलाई तक सोयाबीन 46.72 लाख हेक्टेयर में, कपास 40.84 लाख हेक्टेयर में, तुअर या अरहर 10.21 लाख हेक्टेयर में और धान 9.33 लाख हेक्टेयर में बोया गया है।’’
बयान में कहा गया है कि खरीफ सत्र 2023 के लिए 19.21 लाख किलोग्राम की मांग के मुकाबले 21.78 लाख किलोग्राम बीज उपलब्ध हैं, जबकि सत्र के दौरान 43.13 लाख टन उर्वरक की आपूर्ति की जाएगी।
इसमें कहा गया है, ‘‘अब तक 52.13 लाख टन उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें से 26.02 लाख टन बेचा जा चुका है और 26.11 लाख टन शेष बचा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY