देश की खबरें | पाकिस्तान की जेल से रिहा हुए 80 मछुआरे भारत पहुंचे

अमृतसर, 11 नवंबर पाकिस्तान की एक जेल से हाल ही में रिहा किए गए 80 भारतीय मछुआरों को यहां अटारी-वाघा सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान सरकार ने बृहस्पतिवार को कराची की मालिर जेल से 80 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया था।

पंजाब पुलिस के प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण महाल ने कहा कि सभी कैदी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा जारी 'आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र' के माध्यम से अटारी-वाघा सीमा के रास्ते शुक्रवार रात भारत आ गए।

अटारी-वाघा सीमा की संयुक्त जांच चौकी (जेसीपी) पर तैनात महाल ने कहा कि भारतीय चिकित्सकों ने मछुआरों के आने के बाद उनके स्वास्थ्य की जांच की।

महाल ने कहा कि मछुआरों को तीन साल पहले उस समय पकड़ लिया गया था जब उनकी नौकाएं अरब सागर में क्षेत्रीय जलमार्ग से होते हुए पाकिस्तान के क्षेत्र में घुस गई थीं।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जैसे ही मछुआरे भारत पहुंचे, उन्होंने सम्मान में झुककर धरती को छुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)