देश की खबरें | आजादी के 78 साल बाद राजस्थान के एक गांव में आदिवासियों को मिली बिजली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आजादी के 78 साल बाद राजस्थान के बारां जिले के एक सुदूर पहाड़ी इलाके में पहली बार बिजली का कनेक्शन पहुंचा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोटा, 11 जुलाई आजादी के 78 साल बाद राजस्थान के बारां जिले के एक सुदूर पहाड़ी इलाके में पहली बार बिजली का कनेक्शन पहुंचा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक जिला मुख्यालय से 175 किलोमीटर दूर 40 घरों में रहने वाले सहरिया जनजाति के करीब 200 लोगों का बिजली के लिए लंबा इंतजार आखिरकार 30 जून को खत्म हो गया।
जिलाधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को बताया कि अब बारां जिले के 100 प्रतिशत क्षेत्र में बिजली का कनेक्शन उपलब्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने रात्रि चौपाल के दौरान लोगों से शिकायत मिलने के 20-25 दिनों के भीतर यह काम पूरा कर लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘यह जन समस्याओं के त्वरित समाधान का उल्लेखनीय उदाहरण है।’’
पूर्व सरपंच बद्री सहरिया के पोते अरुण सहरिया ने कहा, ‘‘ पूरे गांव के लोग अब खुश और उत्साहित हैं क्योंकि उनकी रातें रोशन हो गई हैं। दशकों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गांव में बिजली पहुंच गई है। ’’
बद्री सहरिया और अन्य स्थानीय लोगों ने रात्रि चौपाल के दौरान यह मुद्दा उठाया था। सहरिया विशेष रूप से कमजोर एक जनजातीय समूह (पीवीजीटी) हैं। बद्री सहरिया ने 23 मई को रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी को बताया कि सहरिया समुदाय के 40 परिवारों के पास बिजली नहीं है और वे अंधेरे में रह रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अगले दिन स्थल का निरीक्षण किया और अधीक्षण अभियंता एन एम बिलोटिया को सर्वेक्षण करने तथा 15 दिनों के भीतर विद्युतीकरण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
पीएम-जनमन, या प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत सहरिया परिवारों को भी स्थायी घरों के लिए सरकार की मंजूरी मिल गई है। पीएम-जनमन विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए एक पहल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

