इम्फाल, 26 अप्रैल लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में ‘आउटर मणिपुर’ संसदीय सीट के बाकी क्षेत्रों में शुक्रवार को 76.06 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि माओ विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 89.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मतदान कर्मी ईवीएएम के साथ सुरक्षित संबंधित जिला मुख्यालयों में पहुंच गये।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा डराने-धमकाने, कांग्रेस और एनपीएफ समर्थकों के बीच कहासुनी, नगा बहुल पर्वतीय जिले तंगखुल में एक मतदान केंद्र पर कुछ ईवीएम को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आयी हैं।
उन्होंने बताया कि उखरूल में केके लीशी फानित मतदान केंद्र पर सशस्त्र बदमाशों द्वारा कथित रूप से अड़चन पैदा किये जाने के बाद नाराज लोगों ने ईवीएम मशीनों एवं अन्य चीजों को नष्ट कर दिया।
दूसरे चरण के लिए नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के उम्मीदवार के टिमोथी जिमिक, कांग्रेस के अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और निर्दलीय उम्मीदवार एस. खो जॉन एवं एलिसन अबोनमई चुनाव मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है और वह अपने सहयोगी एनपीएफ का समर्थन कर रही है।
पहले चरण में 19 अप्रैल को ‘आउटर मणिपुर’ लोकसभा सीट में पड़ने वाले 15 विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ ‘इनर मणिपुर’ संसदीय सीट के तहत आने वाले 32 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY