देश की खबरें | भारत में एक दिन में कोविड-19 के 67,597 नए मामले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 67,597 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,23,39,611 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 27 दिन बाद 10 लाख से कम हैं।
नयी दिल्ली, आठ फरवरी भारत में एक दिन में कोविड-19 के 67,597 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,23,39,611 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 27 दिन बाद 10 लाख से कम हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से 1,188 और लोगों की मौत के बाद, संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,04,062 हो गई। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 9,94,891 रह गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 2.35 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,14,047 की कमी दर्ज की गयी। देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.46 प्रतिशत है।
अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 5.02 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 8.30 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 4,08,40,658 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 170.21 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 1,188 मामले सामने आए। इनमें से केरल में 860 और कर्नाटक में 49 मामले सामने आए।
केरल सरकार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि राज्य में सामने आए मौत के 860 मामलों में से 14 पिछले 24 घंटे में सामने आए। 113 मामले पिछले कुछ दिनों में सामने आए थे, लेकिन दर्ज नहीं हो पाए थे। वहीं, मौत के 733 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है।
आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 5,05,062 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,43,098, केरल के 59,115, कर्नाटक के 39,396, तमिलनाडु के 37,772, दिल्ली के 25,998, उत्तर प्रदेश के 23,330 और पश्चिम बंगाल के 20,852 लोग थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2022 10:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

