एजेंसी न्यूज

पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 4970 हुए, लॉकडाउन पर सोमवार को होगा निर्णय

योजना एवं विकास मंत्री असद उमर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान कोविड-19 पर राष्ट्रीय समन्वय समिति की बैठक के बाद इस पर निर्णय करेंगे। समिति में सभी प्रांतों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 4970 हुए, लॉकडाउन पर सोमवार को होगा निर्णय

इस्लामाबाद,11 अप्रैल पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ कर 4970 हो गए हैं। देश में लॉकडाउन को जारी रखने या पाबंदियों में ढील देने पर सोमवार को निर्णय किया जाएगा।

योजना एवं विकास मंत्री असद उमर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान कोविड-19 पर राष्ट्रीय समन्वय समिति की बैठक के बाद इस पर निर्णय करेंगे। समिति में सभी प्रांतों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

उमर ने कहा, ‘‘हम लॉकडाउन पर राष्ट्रीय निर्णय करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रव्यापी बंद के कारण देश को करीब 1400 से 1500 अरब रुपये का नुकसान होगा।

स्वास्थ्य पर प्रधानमंत्री के सलाहकार डॉ. जफर मिर्जा ने कहा कि पाकिस्तान में पूर्वानुमान से कम संख्या है लेकिन लोगों को इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए और पाबंदियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हल्के में लेना भूल होगी।’’

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाबंदियों में ढील दी गई और लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया तो कोरोना वायरस के कारण मामलों में तेजी से बढ़ोतरी होगी।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने अपनी बेवसाइट पर जानकारी दी कि बुरी तरह प्रभावित पंजाब में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 2414 ,सिंध में 1,318 ,खैबर-पख्तुनख्वा में 656 ,बलूचिस्तान में 220 ,गिलगित-बाल्टिस्तान में 215 ,इस्लामाबाद में 113 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 34 हो गए हैं।

इस बीच चीन पाकिस्तान की सहायता के लिए और चिकित्सा सामग्री भेज रहा है।

चीन में पाकिस्तान की राजदूत नगमाना हाशमी ने बताया कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का विशेष विमान चीन से चिकित्सा से जुड़े सामान ले कर आ रहा है। दो दिन में यह दूसरा विमान है जो चिकित्सा सहायता ले कर आ रहा है।

हाशमी ने ट्वीट किया,‘‘पीआईए का विशेष विमान 50 वेंटिलेटर, पीपीई और अन्य उपकरण ले कर चेंग्दू से इस्लामाबाद के लिए आज रवाना हो गया।’’

विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को अधिकारियों के साथ एक बैठक करके अन्य देशों में फंसे अपने 40,000 नागरिकों को वापस लाने के तरीकों पर विचार विमर्श किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2020 11:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).