देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 44,927 पद रिक्त : मंत्री धर्मवीर प्रजापति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि राज्य में होमगार्ड के 44,927 पद रिक्त हैं।
लखनऊ, 21 फरवरी उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि राज्य में होमगार्ड के 44,927 पद रिक्त हैं।
विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य इंजीनियर सचिन यादव के प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री प्रजापति ने बताया कि राज्य में होमगार्ड स्वयंसेवकों के कुल 1,18,348 पद स्वीकृत हैं, जिसके सापेक्ष वर्तमान में 73,421 स्वयंसेवक कार्यरत हैं।
प्रजापति ने बताया कि 44,927 पद रिक्त हैं और रिक्त पदों पर आवश्यकता के अनुसार भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
यादव ने यह प्रश्न किया था कि प्रदेश में होमगार्डस के पदों में वृद्धि कर नयी भर्ती करने पर सरकार विचार करेगी? यदि नहीं, तो क्यों?
सरकार के जवाब से असंतुष्ट सचिन यादव ने पूरक प्रश्न भी किये।
उन्होंने कहा कि हर साल होमगार्ड के चार हजार पद खाली हो रहे हैं, अगर इसी अनुपात में होमगार्ड सेवानिवृत्त होते रहे और स्वीकृत पद भी खाली पड़े रहेंगे तो विभाग की स्थिति क्या होगी।
सपा नेता ने होमगार्ड को पुलिस के सहयोग में बराबर काम करने वाला सिपाही बताते हुए अपेक्षाकृत उनको मिलने वाले कम वेतन को भी लेकर सवाल उठाए।
मंत्री ने सवालों का जवाबों देते हुए कहा, ''हमारी सरकार ने ध्यान दिया है। 27 अगस्त 2018 से पहले होमगार्ड के जवानों को 375 रुपये प्रतिदिन मिलते थे। मुख्यमंत्री जी ने 375 रुपये से बढ़ाकर इसे 500 रुपये किया। इसके साथ ही 23 सितंबर, 2019 को मुख्यमंत्री जी ने 600 रुपये प्रतिदिन का मानदेय किया। दो बार दैनिक भत्ता बढ़ाया और महंगाई भत्ता अनुमन्य किया है। इस समय होमगार्ड के जवान 918 रुपये प्रति दिन पा रहे हैं।''
उन्होंने बताया कि वर्दी के लिए 3,000 रुपये प्रति होमगार्ड दिये जा रहे हैं, पहले होमगार्ड की वर्दी बहुत खराब होती थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)