देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में वर्षाजनित घटनाओं में 43 लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मानसून के आगमन के बाद से राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 43 लोगों की मौत हुई है और प्रदेश को करीब 352 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य के आपात अभियान केन्द्र ने यह जानकारी दी।
शिमला/ऊना, सात जुलाई हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मानसून के आगमन के बाद से राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 43 लोगों की मौत हुई है और प्रदेश को करीब 352 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य के आपात अभियान केन्द्र ने यह जानकारी दी।
राज्य में पिछले दो सप्ताह में कम से कम 79 लोग घायल हुए हैं और चार लोग लापता हैं।
अधिकारियों के अनुसार, केन्द्र सरकार द्वारा अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूस्खलन, आकस्मिक बाढ़ और बादल फटने में अभी तक एक व्यक्ति की मौत हुई है। लेकिन राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित आपदाओं - सड़क दुर्घटनाएं, डूबने, आग लगने, सांप काटने, ऊंचाई से गिरने, बिजली का करंट लगने और अन्य वजहों से 42 लोगों की मौत हुई है।
राज्य के आपात अभियान केन्द्र के अनुसार, राज्य में 17 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई जबकि आठ लोगों की मौत ऊंचाई से गिरने से और सात लोगों की डूबने से हुई।
सिरमौर जिले के पोंटा साहिब में बृहस्पतिवार की रात एक गुरुद्वारे की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान हरिद्वार के मिलनदीप सिंह के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि ऊना जिले में, एक नाले में बाढ़ आने के बाद चढतगढ़ गांव के श्मशान में लगभग 130 लोग फंस गए। ग्रामीणों को अपनी जान बचाने के लिए जलती चिता को छोड़ कर पास की छतों पर चढ़ना पड़ा।
ऊना के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विश्वदेव मोहन चौहान मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग की मदद से ग्रामीणों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद सभी लोगों को बचा लिया गया हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 168 सड़कें बंद हैं जिनमें से 107 आज रात तक खोल दी जाएंगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम दत्यार के पास भूस्खलन के बाद सोलन जिले में कसौली-गढ़खल-धर्मपुर सड़क यातायात के लिए बंद कर दी गई।
उन्होंने शुक्रवार को बताया कि भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या पांच (शिमला-चंडीगढ़) पर भी कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
बृहस्पतिवार रात से राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और शिमला में 50 मिमी, सराहन में 43.5 मिमी, ऊना में 31 मिमी, सोलन में 22.5 मिमी, जुब्बारहट्टी में 20 मिमी और भरमौर में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने नौ जुलाई तक मैदानी, निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2023 11:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

