देश की खबरें | यूक्रेन से 429 विद्यार्थी आंध्र प्रदेश लौटै

अमरावती (आंध्र प्रदेश), पांच मार्च आंध्र प्रदेश के विशेष कार्यबल ने शनिवार को कहा कि युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे राज्य के 770 विद्यार्थियों में 429 लौट आये हैं।

कार्यबल के अध्यक्ष एम. टी. कृष्णा बाबू ने संवाददाताओं से कहा कि विद्यार्थियों को स्वदेश वापस लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने यहां कहा, ‘‘ हम आंध्र प्रदेश के सभी विद्यार्थियों एवं अन्य नागरिकों की जानकारी लगातार विदेश मंत्रालय के साथ साझा कर रहे हैं ताकि उन्हें जरूरी एवं समय से मदद की जा सके। राज्य में हमारे अधिकारी 586 विद्यार्थियों के घरों पर उनके परिवारों को सरकार के प्रयास के बारे में आश्वस्त करने गये।’’

उन्होंने कहा कि खारकीव और जपोरिजिया में स्थिति चुनौतीपूर्ण और कठिन है।

कृष्णा बाबू ने कहा, ‘‘ ... राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है।’’

उन्होंने चिंतिंत अभिभावकों से नहीं घबराने का आह्वान किया।

वैसे तो आंध्र प्रदेश सरकार के पास 770 विद्यार्थियों का आंकड़ा है लेकिन यूक्रेन में 100 से 200 के बीच और भी तेलुगू भाषी विद्यार्थी हो सकते हैं। उनमें से ज्यादातर यूक्रेन से हंगरी, रोमानिया, स्लोवाकिया पहुंच रहे हैं जहां से ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत उड़ानों का परिचालन हो रहा है।

कार्यबल प्रमुख ने कहा, ‘‘ उसी के हिसाब से हमने हंगरी, पोलैंड, रोमानिया और स्लोवाकिया में अपने प्रतिनिधि तैनात किये हैं। राज्य सरकार के प्रतिनिधि उन देशों में स्थानीय तेलुगू एवं अन्य भारतीय समुदायों के साथ समन्वय करेंगे एवं विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी में सहयोग करेंगे।’’

कार्यबल के सदस्य बाबू अहमद ने कहा कि विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी के 10 मार्च तक पूरा हो जाने की संभावना है क्योंकि केंद्र 29 उड़ानों का संचालन कर रहा है। अहमद ने अभिभावकों से उनके बच्चों के फंसे होने की स्थिति में 1902 पर फोन कर ब्योरा देने का आह्वान किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)