नयी दिल्ली, एक अक्टूबर अभिनेत्री रसिका दुग्गल की फिल्म 'फेयरी फोक' और शबाना आजमी की लघु फिल्म 'शीर कोरमा' की स्क्रीनिंग के साथ येलोस्टोन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तीसरे संस्करण की शुरुआत हुई।
यहां जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान के मुताबिक यह फिल्म महोत्सव, जिसका उद्देश्य दुनिया भर के कलाकारों की स्वतंत्र सिनेमाई प्रतिभा का प्रदर्शन करना है, इस बार 'हाइब्रिड' प्रारूप (वीडियो कॉन्फ्रेंस और प्रत्यक्ष मौजूदगी) में आयोजित किया जा रहा है।
गुरुग्राम के डीएलएफ साइबरपार्क में शुक्रवार को येलोस्टोन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तीसरे संस्करण की शुरुआत हुई। इस बार 16 देशों की 50 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
फिल्म महोत्सव के पहले दिन शबाना आजमी, दिव्या दत्ता, इश्वाक सिंह, राजेश तेलंग, मुकुल चड्ढा और करण टक्कर सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे।
इस अवसर पर शबाना आजमी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
शबाना आजमी ने एक बयान में कहा, ''मैं इस पुरस्कार और दर्शकों के इतने प्यार के लिए बेहद विनम्र और सम्मानित महसूस कर रही हूं। येलोस्टोन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव स्वतंत्र सिनेमा को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर काम कर रहा है।''
आठ दिनों का यह फिल्म महोत्सव सात अक्टूबर तक चलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY