पणजी, नौ मई जी20 विकास कार्य समूह (डीब्ल्यूजी) की तीसरी बैठक, इसमें भागीदारी कर रहे सदस्य देशों के 80 प्रतिनिधियों की उपस्थिति के साथ मंगलवार को गोवा में शुरू हो गई।
समूह की पहली दो बैठकें मुंबई और केरल में हुई हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि बैठक राजधानी पणजी के समीप डोना पॉला स्थित एक रिजॉर्ट में हो रही है। बैठक में विकास लक्ष्य निर्धारित किये जाएंगे, जिन पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाली अंतिम मंत्रालयी बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा।
संयुक्त सचिव, विदेश मंत्रालय, नागराज नायडू काकनुर ने सोमवार को कहा, ‘‘गोवा में आयोजित की जा रही बैठक बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम वार्ता के स्तर पर हैं जिसमें हम पूर्व में विमर्श किये गये मुद्दों पर सभी जी20 देशों के साथ चर्चा कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है और देशों के बीच काफी सौदेबाजी होगी, लेकिन हमें उम्मीद है कि विकास कार्य समूह ठोस नतीजे देगा।’’
उल्लेखनीय है कि भारत एक दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 तक जी20 का अध्यक्ष है। जी20, विश्व के विकसित और विकासशील देशों का एक अंतर-सरकारी मंच है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY