एजेंसी न्यूज

देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,900 नए मामले, 195 लोगों की मौत

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को इन आंकड़ों की जानकारी देते हुए यह भी कहा कि ‘‘कुछ राज्य’’ मामलों की समयबद्ध जानकारी नहीं दे रहे हैं, जिसका अब समाधान किया जा रहा है।

देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,900 नए मामले, 195 लोगों की मौत
जमात

नयी दिल्ली, पांच मई देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 195 लोगों की मौत हुई है और 3,900 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में सामने आए अब तक के सर्वाधिक मामले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को इन आंकड़ों की जानकारी देते हुए यह भी कहा कि ‘‘कुछ राज्य’’ मामलों की समयबद्ध जानकारी नहीं दे रहे हैं, जिसका अब समाधान किया जा रहा है।

देश में कोविड-19 की स्थिति पर दैनिक संवाददाता सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 46,433 और मृतकों की संख्या 1,568 तक पहुंच गई है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘हम एक संक्रामक रोग से जूझ रहे हैं। इसलिए मामलों की समयबद्ध जानकारी और उनका प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा कुछ राज्यों में इन क्षेत्रों में अंतर देखा गया।’’

मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1,020 रोगी ठीक हुए हैं जिससे ठीक होने वालों की संख्या अब 12,726 हो गई है तथा ठीक होने की दर 27.41 प्रतिशत है।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘अब कोविड-19 के मामलों के प्रबंधन में हम बहुत सहज हैं, लेकिन फील्ड स्तर पर किसी भी ढिलाई के परिणाम सही नहीं होंगे।’’

यह रेखांकित करते हुए कि कोविड-19 संक्रमित रोगियों के प्रत्येक संपर्क का पता लगाना अत्यंत महत्वपूर्ण है, अग्रवाल ने कहा कि निषेध क्षेत्र स्थित केंद्रों में या अन्यत्र, अत्यंत गंभीर श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) और इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) के लक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण डेटा उपलब्ध कराते हैं और आगे की कार्रवाई के लिए निर्देशित करते हैं।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के परिणाम बहुत सकारात्मक रहे हैं। लॉकडाउन से पहले मामले जहां 3.4 दिन में दोगुने हो रहे थे, वहीं अब यह 12 दिन में हो रहा है। प्रयासों की गति बनाए रखने में यह महत्वपूर्ण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).