मुंबई, 23 फरवरी मुंबई में वर्ष 2023 के दौरान हुई सड़क दुर्घटनाओं में 'हिट-एंड-रन' के मामलों की संख्या चिंताजनक रही। यातायात पुलिस की ओर से जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में घटी कुल घातक सड़क दुर्घटनाओं में 38 प्रतिशत मामले 'हिट-एंड-रन' के थे और 54 फीसदी पीड़ित पैदल यात्री थे।
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में वर्ष 2023 में कुल 351 सड़क दुर्घटनाओं में 374 लोगों की मौत हुई, जो वर्ष 2015 के मुकाबले 39 फीसदी अधिक है। इसमें कहा गया है कि सड़क हादसे में मरने वालों में 48 फीसदी दोपहिया और तीन पहिया वाहन सवार थे।
मुंबई यातायात पुलिस और ‘ब्लूमबर्ग फिलान्थ्रॉपीज इनिशिएटिव फॉर ग्लोबल रोड सेफ्टी’ द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए लोगों में 82 प्रतिशत पुरुष थे, जिनमें से 47 प्रतिशत 20 से 39 वर्ष की आयु वर्ग के थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में 20-29 वर्ष के युवा मोटरसाइकिल चालकों की संख्या सबसे अधिक थी।
इसमें कहा गया है कि 'हिट-एंड-रन' दुर्घटनाओं के लिहाज से सियोन-पनवेल हाईवे, घाटकोपर-मनखुर्द लिंक रोड और वर्ली सीफेस जंक्शन पैदल यात्रियों के लिए सबसे खतरनाक साबित हुए।
रिपोर्ट के अनुसार, शहर में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, सियोन-बांद्रा लिंक रोड और बैगनवाड़ी सिग्नल जंक्शन पर सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं और मौतें दर्ज की गईं।
रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए गति सीमा को सख्ती से लागू किया जाए, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाए और पैदल यात्रियों व साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित मार्ग विकसित किए जाएं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY