ताजा खबरें | घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2019-20 में खर्च किए गए 37 करोड़ रुपये
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सरकार ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2019-2020 में करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
नयी दिल्ली, नौ फरवरी सरकार ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2019-2020 में करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मंगलवार को राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 63 करोड़ रुपये और 2017-18 में करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
मंत्री ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने की इस मुहिम में प्रिंट मीडिया, टेलीविजन, ऑनलाइन, रेडियो, थिएटर और टेक्स्ट संदेशों के माध्यम से प्रचार शामिल है।
उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने ‘ब्यूरो ऑफ आउटरीच कम्युनिकेशन’ (बीओसी), दूरदर्शन और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के माध्यम से अभियान चलाया। यह अभियान सभी राज्यों में चलाया गया।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने जनवरी 2020 में ‘‘देखो अपना देश’’ पहल शुरू की थी। इस पहल का उद्देश्य घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ साथ देश की समृद्ध विरासत और संस्कृति के बारे में लोगों के बीच जागरुकता पैदा करना था।
पटेल ने बताया ‘‘यह पहल 15 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संबोधन के मुताबिक थी जिसमें उन्होंने लोगों से 2022 तक कम से कम 15 गंतव्यों को देखने का अनुरोध किया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)