एजेंसी न्यूज

न्यायालय की सुरक्षा में लगे 36 पुलिसकर्मी पृथक-वास में भेजे गए

सूत्रों ने यह जानकारी दी।

न्यायालय की सुरक्षा में लगे 36 पुलिसकर्मी पृथक-वास में भेजे गए
जमात

नयी दिल्ली, 28 उच्चतम न्यायालय के एक कर्मचारी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के एक दिन बाद सर्वोच्च अदालत की सुरक्षा में लगे दिल्ली पुलिस के 36 कर्मियों को मंगलवार को एहतियाती तौर पर घरों में पृथक-वास पर भेज दिया गया। उधर दिल्ली पुलिस के एक जवान के भी इस वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी है जो जांच के सिलसिले में निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात मुख्यालय गया था।

सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि न्यायालय का संक्रमित कर्मचारी 16 अप्रैल को जिन कार्यालयों और गलियारों में गया था, उन सभी को संक्रमणमुक्त करने के लिए अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर अपने जवानों को पृथक-वास में भेजने का फैसला किया है। दिल्ली पुलिस ने इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया कि संक्रमित व्यक्ति सुरक्षा से गुजरने के बाद ही न्यायालय परिसर के अंदर गया होगा।

न्यायालय ने 23 मार्च से ही अपने कामकाज को सीमित कर दिया है और अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जा रही है।

सूत्रों में से एक ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति न्यायालय के केवल एक कर्मचारी के संपर्क में आया था।

उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्ति का यहां के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

न्यायालय सूत्रों ने कहा कि दिल्ली पुलिस का यह कदम न्यायालय प्रशासन की गतिविधियों से संबंधित नहीं है।

उन्होंने कहा कि न्यायालय ने उन मामलों की सूची भी दी है जिन पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बुधवार को सुनवाई होनी है और अब तक किसी अन्य व्यक्ति के बीमार होने की सूचना नहीं है।

इस बीच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में नियुक्त एक जवान भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है जो जांच के सिलसिले में निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात मुख्यालय में गया था।

दिल्ली पुलिस के अनुसार कांस्टेबल धार्मिक कार्यक्रम से जुड़ी जांच के सिलसिले में वहां गया था।

तबलीगी जमात के नेता मौलाना साद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और महामारी रोग कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार कांस्टेबल के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उनके संपर्क में आए टीम के 15 सदस्यों को घरों में पृथक-वास में रहने की सलाह दी गयी है।

दिल्ली पुलिस के 21 से अधिक जवान अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 10:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).