बेंगलुरु, 25 फरवरी कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के 346 लोग युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे हुए हैं और उन्हें वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने युद्धग्रस्त देश में फंसे छात्रों की सुरक्षा और वहां से उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की।
कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के राज्य आपात ऑपरेशन केन्द्र (एसईओसी) को यूक्रेन में फंसे लोगों के संबंध में शुक्रवार अपराह्न तीन बजे तक मिली जिलेवार सूचना के अनुसार राज्य के कुल 346 लोग वहां फंसे हुए हैं।
आंकड़ों के अनुसार, यूक्रेन में फंसे राज्य के लोगों में से 115 बेंगलुरु से हैं जबकि मैसूरू से 30, विजयपुरा से 24, बगलकोटे से 22, तुमकुरु से 16 लोग और शेष अन्य जिलों से हैं।
केएसडीएमए ने आज दिन में कहा था कि यूक्रेन में 91 लोग फंसे हुए हैं और सभी छात्र हैं।
राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी कर कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आयुक्त मनोज राजन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जो यूक्रेन में फंसे लोगों व छात्रों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने का काम करेंगे और इसके लिए चौबीसों घंटे काम करने वाले हेल्पलाइन की भी शुरूआत की गयी है।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा, ‘‘आज सुबह मैंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की। उनके पास पूरी जानकारी है। कर्नाटक से कई छात्र वहां मेडिकल की पढ़ाई करने गए हैं...। सभी के साथ संपर्क बना हुआ है और उन्हें सुरक्षित जगहों पर रहने को कहा गया है।’’
यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत सरकार उन्हें सुरक्षित निकालने के तमाम प्रयास कर रही है और रूसी बोलने वाले राजनयिकों को यूक्रेन भेजा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY