एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | गाजा में इजराइली हमलों में 32 लोग मारे गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. यह हमला मध्यस्थों द्वारा युद्धविराम कराने के प्रयासों के बावजूद हुआ।

विदेश की खबरें | गाजा में इजराइली हमलों में 32 लोग मारे गए
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

यह हमला मध्यस्थों द्वारा युद्धविराम कराने के प्रयासों के बावजूद हुआ।

इजराइल और हमास के बीच 21 महीने से जारी युद्ध में अब तक 58 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं और इस युद्ध को रोकने तथा कुछ इजराइली बंधकों को रिहा कराने के लिए जारी बातचीत में कोई सफलता मिलती नहीं दिख रही। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पिछले सप्ताह अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ समझौते पर चर्चा करने के लिए वाशिंगटन में थे, लेकिन युद्धविराम के दौरान इजराइली सैनिकों की तैनाती को लेकर एक नया पेंच सामने आया है, जिससे नए समझौते की व्यवहार्यता पर सवाल उठ रहे हैं।

इजराइल का कहना है कि वह युद्ध तभी समाप्त करेगा, जब हमास आत्मसमर्पण करेगा, हथियार डाल देगा और निर्वासन में चला जाएगा। हालांकि, हमास ऐसा करने से इनकार करता है। हमास का कहना है कि वह युद्ध समाप्त करने और इजराइली सेना की पूरी तरह वापसी के बदले में शेष 50 बंधकों को रिहा करने को तैयार है, जिनमें से आधे से भी कम जीवित बताए जाते हैं।

फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गाजा में युद्ध के दौरान, इजराइल के कब्जे वाले पश्चिमी तट में भी हिंसा बढ़ी है, जहां रविवार को दो फलस्तीनियों का अंतिम संस्कार किया गया। इनमें फलस्तीनी-अमेरिकी सैफुल्लाह मुसलेट भी शामिल था, जो इजराइलियों के एक हमले में मारा गया था।

गाजा में, मध्य गाजा के अल-अवदा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि इजराइली हमले के बाद नुसेरात में एक जल संग्रहण केंद्र पर उन्हें 10 शव मिले। अस्पताल ने बताया कि मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं।

इलाके में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी रमज़ान नासिर ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि रविवार सुबह लगभग 20 बच्चे और 14 वयस्क पानी भरने के लिए कतार में खड़े थे। उन्होंने बताया कि जब हमला हुआ, तो कुछ लोग भाग गए, जबकि कुछ जमीन पर गिर पड़े, जिनमें गंभीर रूप से घायल लोग भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि लोग फलस्तीनी इलाके से पानी लाने के लिए लगभग दो किलोमीटर पैदल चलते हैं।

इजराइली सेना ने कहा कि वह एक आतंकवादी को निशाना बना रही थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसका गोला-बारूद ‘‘लक्ष्य से दर्जनों मीटर दूर’’ गिर गया। उसने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।

इसके अलावा, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार दोपहर मध्य गाजा शहर में सड़क पर चल रहे नागरिकों के एक समूह पर इजराइली हमला हुआ, जिसमें 11 लोग मारे गए और लगभग 30 अन्य घायल हो गए।

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि सामान्य सर्जरी और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. अहमद कंदील भी मारे गए लोगों में शामिल हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता जहीर अल-वाहिदी ने ‘एपी’ को बताया कि जब हमला हुआ, तब कंदील अल-अहली अरब बैपटिस्ट अस्पताल जा रहे थे। अल-वाहिदी के अनुसार, सभी शवों और घायलों को अल-अहली अस्पताल ले जाया गया।

अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि मध्य शहर जावैदा में एक मकान पर इजराइली हमले में दो महिलाओं और तीन बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। बाद में, अल-अवदा अस्पताल ने बताया कि ज़ावैदा में लोगों के एक समूह पर हुए हमले में दो लोग मारे गए।

इजराइली सेना ने कहा कि उसे घर पर हमले की जानकारी नहीं है, लेकिन उसने पिछले 24 घंटे में 150 से ज़्यादा ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें हथियार भंडारण केंद्र, मिसाइल लॉन्चर और स्नाइपर चौकियां शामिल हैं। इजराइल नागरिकों की मौत के लिए हमास को ज़िम्मेदार ठहराता है, क्योंकि यह चरमपंथी समूह आबादी वाले इलाकों से सक्रिय है।

सात अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में इजराइल हुए हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 का अपहरण कर लिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 01:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).