एजेंसी न्यूज

COVID-19: देश में कोविड-19 के 3.43 लाख नये मामले, चार हजार मरीजों की मौत

देश में एक दिन में 3,43,144 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कोविड-19 के मामले बढ़कर 2,40,46,809 हो गए हैं जबकि 4,000 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,62,317 हो गई है.

COVID-19: देश में कोविड-19 के 3.43 लाख नये मामले, चार हजार मरीजों की मौत
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली, 14 मई : देश में एक दिन में 3,43,144 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कोविड-19 (COVID-19) के मामले बढ़कर 2,40,46,809 हो गए हैं जबकि 4,000 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,62,317 हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) के सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 37,04,893 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 15.41 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 83.50 प्रतिशत हो गई है.

आंकड़ों के मुताबिक, बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 2,00,79,599 हो गई है जबकि संक्रमण से मृत्यु दर 1.09 फीसदी दर्ज की गई है. देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी. वहीं कोविड-19 मरीजों की संख्या 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी. यह भी पढ़ें : भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी, पिछले 24 घंटे में गई 4000 लोगों की जान, 3,43,144 नए मामले आए सामने

इसके बाद 28 सितंबर को कोविड-19 के मामले 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ के पार हो गए थे. भारत ने चार मई को गंभीर स्थिति में पहुंचते हुए दो करोड़ मामलों का आंकड़ा पार कर लिया था. भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, 13 मई तक 31,13,24,100 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 18,75,515 नमूनों की बृहस्पतिवार को जांच की गई.

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2021 10:47 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).