एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ठाणे जिले में दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद अवैध छात्रावास से 29 बच्चे मुक्त कराए गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक संगठन द्वारा संचालित अनधिकृत छात्रावास में दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद कम से कम 29 बच्चों को मुक्त कराया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | ठाणे जिले में दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद अवैध छात्रावास से 29 बच्चे मुक्त कराए गए

ठाणे, 12 अप्रैल महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक संगठन द्वारा संचालित अनधिकृत छात्रावास में दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद कम से कम 29 बच्चों को मुक्त कराया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने शुक्रवार को खडावली में एक आवासीय संस्थान, ‘पसायदान विकास संस्था’ से 20 लड़कियों और नौ लड़कों को मुक्त कराया और किशोर न्याय अधिनियम 2015 तथा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ को बृहस्पतिवार को शिकायत मिली थी कि संस्था में बच्चों से मारपीट की जा रही है और उनका यौन शोषण किया जा रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय की एक टीम ने पुलिस के साथ मिलकर शुक्रवार को संस्था का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत करने के बाद आरोपों को सही पाया।

मुक्त कराए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। उनमें से कुछ खडावली के जिला परिषद स्कूल में पढ़ते हैं। आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर शिक्षा विभाग, शिक्षा अधिकारी कार्यालय से समन्वय करके उनकी परीक्षाओं के लिए विशेष व्यवस्था कर रहा है।

विज्ञप्ति के अनुसार संस्था के संचालक, उसके परिवार के दो सदस्यों और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

जिलाधिकारी अशोक शिंगारे ने कहा, "बच्चों की सुरक्षा व कल्याण हमेशा से प्रशासन की प्राथमिकता रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी संतोष भोसले ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे अनधिकृत संस्थानों के खिलाफ आगे आएं और बच्चों से दुर्व्यवहार या शोषण के बारे में सूचना दें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2025 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).