देश की खबरें | रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होगा 27वां अखिल भारतीय वन खेलकूद महोत्सव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक 27वें अखिल भारतीय वन खेलकूद महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें देश भर के तीन हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रायपुर, 12 अक्टूबर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक 27वें अखिल भारतीय वन खेलकूद महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें देश भर के तीन हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि देश में राज्यों के वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1992 में अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता की शुरूआत की गई थी। छत्तीसगढ़ इस आयोजन की मेजबानी तीसरी बार कर रहा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आयोजित खेल महोत्सव में 16 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में केंद्रीय वनमंत्री भूपेन्द्र यादव, बिहार सरकार के सहकारिता एवं वन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार तथा विश्व क्रिकेट टी-20 के भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि समापन समारोह में ओलंपिक खेल 2024 में निशानेबाजी में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली मनु भाकर शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 23 खेलों की तीन सौ विधाओं में लगभग तीन हजार खिलाड़ियों का भाग लेना एक बड़ी उपलब्धि है, जिसमें लगभग 584 महिला और 2,320 पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में 29 राज्य, आठ केंद्र शासित प्रदेश, छह वानिकी संस्थान तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य वन विभाग के जमीनी स्तर के कर्मचारियों से लेकर उच्चाधिकारियों तक की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है।
उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः स्वर्ण पदक, रजत पदक तथा कांस्य पदक प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता और उपविजेता की ट्रॉफी दी जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि खेल महोत्सव में इंडोर और आउटडोर सभी तरह की खेल प्रतियोगिताएं होंगी। खेल महोत्सव में किकेट, हॉकी, फुटबाल, वालीबॉल, बैडमिंटन, चेस और ब्रिज खास हैं। एथलेटिक्स के सभी तरह के खेल भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिता के आधार पर मैदान का चयन तथा खिलाड़ियों के ठहरने की सभी सुविधाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2024 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

