अन्य राज्यों में फंसे लोगों को वापस लाने के लिए 25 और विशेष ट्रेनों की आवश्यकता: मप्र सरकार
जमात

भोपाल, आठ मई मध्यप्रदेश सरकार ने लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे राज्य के प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए 25 और विशेष ट्रेन चलाने की मांग रेलवे को भेजी है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रदेश नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी आईसीपी केशरी ने शुक्रवार को दावा किया कि बृहस्पतिवार तक देश के विभिन्न राज्यों से 1.05 लाख से अधिक प्रवासी लोगों को वापस मध्यप्रदेश लाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों से प्रदेश के लोगों को वापस लाने के लिए रेलवे को 25 और विशेष ट्रेनों की जरुरत बताई है।

इस बीच, बृहस्पतिवार रात को दिल्ली से एक विशेष ट्रेन 1,100 प्रवासी श्रमिकों को लेकर शुक्रवार सुबह छतरपुर पहुंची। इसके अलावा, एक अन्य ट्रेन में 1,239 प्रवासी श्रमिक हरियाणा के रेवाड़ी से शुक्रवार सुबह को मध्यप्रदेश के सागर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। शुक्रवार सुबह ही एक अन्य विशेष ट्रेन से 1,200 प्रवासी श्रमिक दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे हैं।

केशरी ने बताया कि विभिन्न राज्यों से मध्यप्रदेश के प्रवासी श्रमिकों को लेकर रवाना हुई छह और विशेष ट्रेनें शुक्रवार को मध्यप्रदेश पहुंचने वाली हैं।

उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में लॉकडाउन के कारण फंसे हुए 1.05 लाख श्रमिकों को मध्यप्रदेश वापस लाया गया है। बृहस्पतिवार को गुजरात से 4,000 लोगों को वापस लाया गया। केशरी ने बताया कि गत 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में फंसे लगभग 50,000 श्रमिकों को उनके गृह जिलों में पहुंचाया गया है।

महाराष्ट्र से छह मई को एक विशेष ट्रेन से श्रमिक मध्यप्रदेश के रीवा पहुंचे थे जबकि इसी दिन एक अन्य विशेष ट्रेन से श्रमिक तेलंगाना से भोपाल पहुंचे। बृहस्पतिवार को एक विशेष ट्रेन श्रमिकों को महाराष्ट्र के पनवेल से भोपाल लेकर आई थी और एक अन्य विशेष ट्रेन बृहस्पतिवार को ही श्रमिकों को हैदराबाद से कटनी लेकर पहुंची।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)