सेना के आर आर हास्पिटल में हुई जांच में 24 व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित पाये गए ये सभी व्यक्ति अस्पताल के ऑन्कोलॉजी वार्ड के हैं और इन सभी को दिल्ली छावनी स्थित सेना के बेस अस्पताल भेज दिया गया है।
नयी दिल्ली, पांच मई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित सेना के रिसर्च एंड रेफरल हास्पिटल में 24 व्यक्ति जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं। संक्रमित पाये गए व्यक्तियों में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सशस्त्र बल कर्मी शामिल हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित पाये गए ये सभी व्यक्ति अस्पताल के ऑन्कोलॉजी वार्ड के हैं और इन सभी को दिल्ली छावनी स्थित सेना के बेस अस्पताल भेज दिया गया है।
बेस अस्पताल कोरोना वायरस मरीजों के इलाज के लिए निर्दिष्ट अस्पताल है।
अधिकारियों ने बताया कि ये 24 व्यक्ति वे मरीज हैं जिनका रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में इलाज चल रहा था और इनमें सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों के साथ ही उनके आश्रित भी शामिल हैं।
एक मरीज के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद इस अस्पताल में उसके सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने का कार्य शुरू किया गया था।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अधिक जोखिम वाले समूह के लिए पृथक करने और जांच करने का प्रोटोकॉल अपनाया गया था।’’
यह सशस्त्र बल को प्रभावित करने वाला संक्रमण का दूसरा सबसे बड़ा मामला है।
पिछले महीने मुम्बई में भारतीय नौसेना के पश्चिमी कमान में 26 कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए थे।
शुक्रवार को सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने कहा था कि सेना में कोरोना वायरस के 14 मामले सामने आये हैं जिनमें से पांच अभी तक ठीक हो चुके हैं।
भारतीय वायुसेना में कोरोना वायरस संक्रमण का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

