देश की खबरें | गाजियाबाद श्मशान घाट पर छत ढहने से 21 लोगों की मौत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), तीन जनवरी उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में रविवार को एक श्मशान घाट पर छत ढह जाने से 21 लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम 20 अन्य घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि जब छत ढही, तो बारिश से बचने के लिए कई लोग उसके नीचे खड़े थे। इनमें से अधिकतर लोग जयराम के रिश्तेदार थे, जिनका उस वक्त वहां अंतिम संस्कार हो रहा था।

बचाव कर्मी यह सुनिश्चित करने के लिए घंटों तक मलबा हटाते रहे कि कहीं और कोई उसमें फंसा न हो।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम मुरादनगर के उखलारसी भेजी गयी है जहां यह हादसा हुआ।

अधिकारियों ने रविवार शाम को बताया कि इस घटना में 21 लोगों की मौत होने के अलावा 20 अन्य को घायल अवस्था में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है ।

उनका कहना है कि घायलों की संख्या अधिक हो सकती है क्योंकि कुछ अन्य को उनके रिश्तेदार घटनास्थल से ले गये।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है।

राज्य सरकार ने एक बयान जारी करके बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।

राजकुमार नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)