चंडीगढ़, छह सितंबर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल 2015 के बहबल कलां पुलिस गोलीबारी मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश हुए।
घटना के समय बादल पंजाब के उप मुख्यमंत्री थे और गृह विभाग का कार्यभार भी उनके पास था।
बादल पूर्वाह्न करीब 11 बजे ‘पंजाब पुलिस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट’ पहुंचे। इस दौरान अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा और विधायक सुखविंदर सुखी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सेक्टर-32 स्थित संस्थान के बाहर मौजूद थे।
यह मामला गुरु ग्रंथ साहिब की एक ‘बीर’ (प्रति) की कथित चोरी, पवित्र ग्रंथ के खिलाफ हस्तलिखित आपत्तिजनक पोस्टर लगाने और फरीदकोट के बरगाड़ी में पवित्र ग्रंथ के पन्ने फटे हुए पाए जाने से संबंधित है।
इन घटनाओं के बाद कई प्रदर्शन किए गए थे। पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में गुरजीत सिंह तथा कृष्ण भगवान सिंह की बहबल कलां में मौत हो गई थी, जबकि फरीदकोट के कोटकपुरा में कई लोग घायल हो गए थे।
इस बीच, शिअद नेताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी लोगों का ध्यान उनकी ‘‘विफलताओं’’ से हटाना चाहती है।
अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पत्रकारों से कहा,‘‘ पहले कांग्रेस सरकार ने राजनीति की और अब ‘आप’ की सरकार भी वही कर रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY