चंडीगढ़, 14 सितंबर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल से 2015 में कोटकपूरा पुलिस गोलीबारी मामले में पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एल. के. यादव के नेतृत्व में एसआईटी ने बादल को तलब किया, जो उस दौरान राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री थे।
बादल पूर्वाह्न लगभग 11 बजे पूछताछ के लिए ‘पंजाब पुलिस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट’ पहुंचे और शाम लगभग साढ़े चार बजे वहां से चले गए।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और समर्थक ‘ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट’ के बाहर एकत्र हुए और उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बेअदबी का उक्त मामला 2015 में फरीदकोट के बरगारी में गुरु ग्रंथ साहिब की एक 'बीड़' (स्वरूप/प्रति) के चोरी होने, हस्तलिखित पोस्टर लगाने और पवित्र ग्रंथ के फटे हुए पृष्ठों के पाये जाने से संबंधित है।
इस घटना के कारण फरीदकोट के कोटकपूरा में तनाव का माहौल बन गया था। जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। प्रदर्शन के दौरान गुरजीत सिंह और कृष्ण भगवान सिंह की बहबल कलां में पुलिस की गोलीबारी में मौत हो गई थी। पुलिस की ओर से की गई गोलीबारी में कुछ घायल भी हो गए थे।
पूछताछ के बाद, बादल ने ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह कोटकपूरा और बहबल कलां मामलों को ‘‘अपने घोटालों से ध्यान हटाने’’ के लिए उठा रही है।
बादल ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘निर्णय प्रशासन द्वारा लिए जाते हैं। मुझसे बार-बार गोलीबारी की घटना के बारे में सवाल पूछे जा रहे हैं, हालांकि यह स्पष्ट है कि यह कार्रवाई अधिकृत अधिकारी द्वारा की गई है।’’
एसआईटी के निष्पक्ष होने के बारे में पूछे जाने पर बादल ने कहा, ‘‘मैं 100 बार पूछताछ के लिए तैयार हूं लेकिन इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोग चाहते हैं कि इन सभी मामलों में दोषियों को दंडित किया जाए लेकिन यह सरकार केवल इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है।’’
इससे पहले एसआईटी ने 30 अगस्त को बादल को तलब किया था, लेकिन शिअद प्रमुख उसके समक्ष पेश नहीं हुए। उनकी पार्टी का कहना था कि बादल को समन नहीं दिया गया था।
गौरतलब है कि 2015 बहबल कलां पुलिस गोलीबारी की घटना की जांच कर रही एक अन्य एसआईटी ने छह सितंबर को बादल से पूछताछ की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY