Sikkim Road Accident: उत्तर सिक्किम में सड़क दुर्घटना में सेना के 16 जवानों की मौत
उत्तर सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया और इस हादसे में तीन जूनियर कमीशन्ड अधिकारी (जेसीओ) समेत 16 सैन्य कर्मी मारे गये. सेना ने यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, 23 दिसंबर : उत्तर सिक्किम (Sikkim) के जेमा में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना (Road Accident) में सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया और इस हादसे में तीन जूनियर कमीशन्ड अधिकारी (जेसीओ) समेत 16 सैन्य कर्मी मारे गये. सेना ने यह जानकारी दी. चत्तेन से सुबह रवाना होकर थांगू की ओर जा रहे तीन वाहनों के काफिले में शामिल एक ट्रक दुर्घटना का शिकार हो गया जो एक तीव्र मोड़ पर फिसलकर खाई में गिर गया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह सैनिकों की मृत्यु से बहुत दुखी हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए अत्यंत कृतज्ञ है. शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’’ सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तर सिक्किम के जेमा में 23 दिसंबर को सेना के ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय सेना के 16 बहादुर कर्मियों की जान चली गयी.’’ यह भी पढ़ें : Rajasthan: कोटा में कोचिंग छात्र चाहते हैं सप्ताह में दो दिन की छुट्टी और अन्य राहत
उसने कहा कि तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और चार घायल जवानों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया है.
सेना ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशन्ड अधिकारियों और 13 जवानों की दुर्घटना में जान चली गयी. भारतीय सेना दुख की इस घड़ी में शोक-संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 23, 2022 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

