विदेश की खबरें | अमेरिका के हाई स्कूल में 14 वर्षीय छात्र ने की गोलीबारी, चार लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. एक साल से अधिक समय पहले स्कूल में गोलीबारी की धमकी मिलने पर जॉर्जिया पुलिस ने इसी लड़के से पूछताछ की थी तब वह 13 वर्ष का था। लेकिन जांच अधिकारियों के पास उसकी गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे।
एक साल से अधिक समय पहले स्कूल में गोलीबारी की धमकी मिलने पर जॉर्जिया पुलिस ने इसी लड़के से पूछताछ की थी तब वह 13 वर्ष का था। लेकिन जांच अधिकारियों के पास उसकी गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे।
जॉर्जिया जांच ब्यूरो के निदेशक क्रिस होजी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मृतकों में अपालाची हाई स्कूल के दो छात्र और दो शिक्षक शामिल हैं, जिनकी पहचान छात्र मेसन शरमरहॉर्न (14) और क्रिस्टियन एंगलो (14) तथा प्रशिक्षक रिचर्ड एस्पिवॉल (39) और क्रस्टिना इरीमी (53) के रूप में हुई है।
बैरो काउंटी के शेरिफ जुड स्मिथ ने कहा कि घटना में आठ विद्यार्थियों और एक शिक्षक समेत नौ अन्य लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी के जल्द ठीक होने की उम्मीद है। विंडर अटलांटा से करीब एक घंटे की दूरी पर है।
छात्र (अब 14 वर्ष) को बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय युवा सुधार गृह भेजा गया है।
उसकी एक सहपाठी लीला सायरथ ने बताया कि वह (आरोपी) बीजगणित की कक्षा में फिर से आना चाहता था और स्कूल के उसके सहपाठियों ने जब उसके लिए दरवाजा नहीं खोला तो उसने छात्रों की ओर राइफल तान दी।
सायरथ ने बताया कि कुछ छात्र बंद दरवाजे को खोलने गए लेकिन वे दरवाजा खोलने के बजाय लौट आए। उसने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने कुछ देखा और इसी कारण उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। जब मैंने खिड़की से झांककर देखा तो वह (आरोपी) मुड़ चुका था और गोलियां चलाने लगा।’’
उसने बताया कि गणित के छात्र जमीन पर लेट गए और रेंगकर सुरक्षित जगह तलाशने लगे।
होजी ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर स्कूल के दो अधिकारियों ने हमलावर छात्र को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि संदिग्ध एक स्कूली छात्र है। उसने तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया और उसे हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी छात्र पर वयस्क के समान हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने एक बयान में कहा कि मई 2023 में एफबीआई को किसी व्यक्ति से स्कूल में गोलीबारी के बारे में ऑनलाइन धमकी मिलने की सूचना मिली थी जिसके बाद छात्र से पूछताछ की गई थी।
एफबीआई ने मामला जैकसन काउंअी में शेरिफ विभाग को सौंप दिया था जो बैरो काउंटी से सटा है।
शेरिफ के कार्यालय ने 13 वर्षीय लड़के और उसके पिता से पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि घर में सिर्फ शिकार करने वाली बंदूक है लेकिन वह किशोर की पहुंच से बाहर है। किशोर ने भी ऐसी कोई ऑनलाइन धमकी देने की बात से इनकार किया।
शेरिफ कार्यालय ने स्थानीय स्कूलों को अलर्ट किया और किशोर के बारे में निरंतर निगरानी करने को कहा। एफबीआई ने बताया कि उस वक्त उसकी गिरफ्तारी या अतिरिक्त कार्रवाई के लिए कोई संभावित कारण नहीं था।
स्थानीय समाचार आउटलेट की खबर के अनुसार कानून प्रवर्तन ने बुधवार को जॉर्जिया के बेथलहम में किशोर के परिवार के घर की तलाशी ली।
अधिकारियों ने बताया कि वे इस बात का पता लगा रहे हैं कि संदिग्ध को बंदूक कैसे मिली और वह बैरो काउंटी में स्कूल में कैसे घुसा?
इस दौरान बैरो काउंटी के शेरिफ जुड स्मिथ घटना की जानकारी देते हुए रो पड़े। उन्होंने कहा कि इसी जगह वह पले-बढ़े हैं और उनके बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं।
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने न्यू हैंपशायर में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कहा, ‘‘यह बहुत ही अपमानजनक है कि हमारे देश अमेरिका में हर दिन माता-पिता को अपने बच्चों को इस चिंता में स्कूल भेजना पड़ता है कि बच्चा जीवित घर लौट पाएगा या नहीं।’’
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक संदेश में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘‘इन प्यारे बच्चों को एक बीमार और विक्षिप्त राक्षस ने बहुत जल्दी हमसे छीन लिया।’’
जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन केम्प ने एक बयान में कहा, ‘‘यह एक ऐसा दिन है जिससे हर माता-पिता डरेंगे और इस दुखद घटना के कारण हर जगह जॉर्जिया के लोग अपने बच्चों को कसकर गले लगाएंगे और उन्हें खुद से दूर नहीं जाने देंगे।’’
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के अटलांटा कार्यालय ने कहा कि उसके अधिकारी स्कूल में मौजूद हैं और ‘‘स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय और सहयोग कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2024 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

