एजेंसी न्यूज

उत्तराखंड में भारी बारिश से 14 लोगों की मौत, क्षतिग्रस्त रास्तों के कारण केदारनाथ यात्रा रुकी

उत्तराखंड में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त रास्तों को देखते हुए बृहस्पतिवार को केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दी गयी जबकि राज्य के विभिन्न स्थानों पर पिछले 24 घंटे में वर्षा संबंधी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गए.

उत्तराखंड में भारी बारिश से 14 लोगों की मौत, क्षतिग्रस्त रास्तों के कारण केदारनाथ यात्रा रुकी
Uttarakhand Rains | X

देहरादून, एक अगस्त: उत्तराखंड में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त रास्तों को देखते हुए बृहस्पतिवार को केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दी गयी जबकि राज्य के विभिन्न स्थानों पर पिछले 24 घंटे में वर्षा संबंधी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गए. यहां राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक बच्चे के नाले में बहने की भी सूचना है जिसकी तलाश की जा रही है. Kedarnath Cloudburst: सोनप्रयाग से एक हजार से अधिक लोगों को निकाला, रेस्क्यू जारी.

बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे भारी बारिश से गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल रास्ते पर भीमबली में 20-25 मीटर का मार्ग बह गया तथा पहाड़ों से बड़े-बड़े पत्थर आ गए. पुलिस ने बताया कि इस दौरान केदारनाथ पैदल मार्ग पर फंसे 1500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है. उन्होंने बताया कि अब तक करीब 425 यात्रियों को लिंचोली और भीमबली से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर लाया गया जबकि 1100 अन्य लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल सहित अन्य बचाव दलों के सहयोग से वैकल्पिक रास्तों से पैदल बाहर लाया गया .

अभियान के दौरान रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक डा विशाखा अशोक भदाणे स्वयं मौजूद रहे. केदारनाथ पैदल रास्ते में कई जगह भूस्खलन होने से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गयी है.

इस संबंध में रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को एक परामर्श जारी कर कहा गया है कि केदारनाथ दर्शनों के लिए रुद्रप्रयाग तक पहुंचे तीर्थयात्री फिलहाल जहां हैं, वहीं सुरक्षित रुके रहें और फिलहाल अपनी केदारनाथ धाम यात्रा को स्थगित कर दें .

परामर्श में कहा गया है कि इस समय सोनप्रयाग से आगे मोटरमार्ग और पैदल मार्ग की स्थिति बिल्कुल भी सही नहीं है और मार्ग सही होने व यात्रा के सुचारू होने की सूचना बाद में दी जाएगी.

बुधवार शाम से वर्षा संबंधी विभिन्न घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गयी जिनमें से देहरादून जिले में चार, हरिद्वार जिले में छह, टिहरी जिले में तीन तथा चमोली जिले में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई .

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि रायपुर क्षेत्र की एक नहर में बुधवार रात दो व्यक्ति डूब गए . उन्होंने बताया कि उनके शव बरामद कर लिए गए हैं जिनकी पहचान सुंदर सिंह और अर्जुन सिंह राणा के रूप में हुई है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2024 11:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).