एजेंसी न्यूज

वंदे भारत मिशन के तहत अमेरिका से 121 भारतीय हैदराबाद पहुंचे

हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-1839 शनिवार तड़के तीन बजकर 14 मिनट पर उतरी।

वंदे भारत मिशन के तहत अमेरिका से 121 भारतीय हैदराबाद पहुंचे
जमात

हैदराबाद, 16 मई कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सरकार ने वंदे भारत मिशन की शुरुआत की है जिसके तहत 121 भारतीय शनिवार को अमेरिका के नेवार्क से दिल्ली होते हुए हैदराबाद पहुंचे।

हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-1839 शनिवार तड़के तीन बजकर 14 मिनट पर उतरी।

उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को जीएमआर हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य यात्री टर्मिनल के जरिये देश में प्रवेश दिया गया और इस दौरान परिसर को संक्रमण मुक्त रखने का पूरा ख्याल रखा गया।

एयरोब्रिज से लेकर पूरे टर्मिनल में यात्रियों के बीच सामाजिक दूरी का ख्याल रखा गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों और विमान चालक दल के सदस्यों को 20-25 की टोलियों में विमान से बाहर लाया गया।

आव्रजन औपचारिकताओं के साथ-साथ हवाई अड्डे के स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी यात्रियों और चालक दल सदस्यों के शरीर के तापमान की जांच की।

सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के बाद व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों से लैस केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की सुरक्षा में यात्रियों को आव्रजन औपचारिकता के लिए ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि यात्रियों के सामान को संक्रमण मुक्त करने के लिए उसे एक सुरंग से गुजारा गया जिसकी व्यवस्था हवाई अड्डे पर की गई थी।

सरकारी नियमावली के तहत यात्रियों को शहर के निर्धारित स्थानों पर 14 दिनों तक पृथकवास में रहने के लिए भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 04:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).