तेलंगाना में भारी बारिश के कारण 12 लोगों की मौत, सड़कों और निचले इलाकों में भरा पानी
तेलंगाना के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बाद वर्षाजनित हादसों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई. भारी बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है.
हैदराबाद, 14 अक्टूबर तेलंगाना के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बाद वर्षाजनित हादसों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई. भारी बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है. चंद्रायनगुट्टा पुलिस थाना क्षेत्र में दीवार ढहने की दो घटनाओं में एक बच्चे समेत 10 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने बुधवार को बताया कि यहां भारी बारिश के कारण इब्राहिमपट्टनम इलाके में एक पुराने मकान की छत ढह जाने से 40 वर्षीय महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात चंद्रायनगुट्टा में एक पहाड़ से कुछ पत्थर लुढकर दो मकानों की दीवारों पर गिए गए, जिसके कारण आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए. घायलों का उपचार किया जा रहा है. अधिकारी ने बताया कि इलाके में बुधवार सुबह दो और लोगों की मौत होने की जानकारी मिली. हैदराबाद से लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी शहर में बचाव प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े आठ से रात नौ बजे तक मेडचल मल्काजगिरि जिले के सिंगापुर टाउनशिप में 292.5 मिमी बारिश हुई और यदाद्री-भोंगीर जिले के वर्केल पाल्ले में 250.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई. जीएचएमसी में 98.9 मिमी औसत बारिश हुई.
शहर में कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है. पुलिस दलों और एनडीआरएफ एवं जीएचएमसी के आपदा कार्रवाई बल (डीआरएफ) कर्मियों ने उन स्थानों से कई परिवारों को बाहर निकाला, जहां पानी भर गया था. कई इलाकों में बचाव कार्य जारी है. पुलिस ने बताया कि यहां उप्पल में जलभराव के कारण एक सरकारी बस के फंस जाने के बाद कम से कम 33 यात्रियों को बचाया गया. भद्राद्री-कोठागुडेम जिले में जलाशयों में जलस्तर बढ़ गया है और प्रशासन ने लोगों को जलाशयों के पास नहीं जाने की सलाह दी है.
मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने सभी जिला प्रशासनों को सतर्क रहने को कहा है. कुमार के हवाले से मंगलवार रात एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य में भारी बारिश संबंधी हालात की जानकारी ली. उन्होंने जिला प्रशासनों से सतर्क रहने को कहा.’’ इस बीच, नगर निकाय एवं पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा है.
जीएचएमसी आयुक्त डीएस लोकेश कुमार ने जर्जर इमारतों या झोंपड़ियों में रह रहे लोगों से परिसर खाली करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि लोगों को सामुदायिक भवनों में अस्थायी निवास मुहैया कराया गया है. मौसम विज्ञान विभाग ने यहां बताया कि तेलंगाना में बुधवार को भी कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. उसने बताया कि हैदराबाद समेत कुछ स्थानों पर बुधवार और बृहस्पतिवार को भारी एवं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2020 11:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

