नयी दिल्ली, 21 जनवरी दिल्ली में सीमा शुल्क अधिकारियों ने दो करोड़ रुपये मूल्य की अवैध रूप से आयातित 12.22 लाख विदेशी सिगरेट जब्त की हैं।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, दिल्ली सीमा शुल्क निवारक ने जब्ती के बाद 20-21 जनवरी को विदेशी सिगरेट को अवैध रूप आयात/तस्करी और कब्जे में रखने का मामला दर्ज किया।
दिल्ली-06 में नयाबांस के कटरा बैरियान इलाके में दो दुकानों और तीन गोदामों पर छापेमारी की गई थी।
बयान के अनुसार ‘‘ ईएसएसई, मोंड, डनहिल, डेविडॉफ, गुडांग गरम, प्लैटिनम सेवन आदि ब्रांड की कुल 12.22 लाख सिगरेट जब्त की गईं। प्रारंभिक जांच में जब्त सिगरेट की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी है। सही मूल्यांकन किया जा रहा है।’’
सिगरेट के पैकेट पर निर्दिष्ट वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनी नहीं थी। साथ ही सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत उन पर कर अदा नहीं किया गया था।
मंत्रालय ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY