देश की खबरें | पर्ल्स ग्रुप से संबंधित 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश घोटाला मामले में 11 लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 23 दिसंबर सीबीआई ने पर्ल्स समूह से संबंधित करीब 60,000 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तारियां दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता, भुवनेश्वर सहित कई जगहों से की गईं।

जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला देश भर के लगभग 5.5 करोड़ निवेशकों से लगभग 60,000 करोड़ रुपये के कथित संग्रह से संबंधित है।

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के प्रवक्ता आर सी जोशी ने कहा, '' आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी इस घोटाले में सह-साजिशकर्ता थे, जिन्होंने तुरंत और आसानी से पैसा कमाने के लिए अवैध रूप से निवेश योजनाओं के संचालन में मुख्य आरोपी और अन्य की सहायता की।''

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में पर्ल्स समूह के कार्यकारी चंद्र भूषण ढिल्लों, प्रेम सेठ, मनमोहन कमल महाजन, मोहनलाल सहजपाल और कंवलजीत सिंह तूर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि व्यवसायी प्रवीण कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार जैन, आकाश अग्रवाल, अनिल कुमार खेमका, सुभाष अग्रवाल और राजेश अग्रवाल को भी दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता, भुवनेश्वर आदि से गिरफ्तार किया गया। उन्हें बृहस्पतिवार को एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उनमें से आठ को सीबीआई हिरासत में भेज दिया, जबकि शेष तीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सीबीआई ने आठ जनवरी, 2016 को पर्ल्स गोल्डन फॉरेस्ट लिमिटेड (पीजीएफ) के सीएमडी तथा पर्ल्स आस्ट्रेलिया प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष निर्मल सिंह भंगू, पर्ल्स एग्रोटेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) के एमडी और प्रमोटर-निदेश सुखदेव सिंह, पीजीएफ / पीएसीएल में कार्यकारी निदेशक (वित्त) गुरमीत सिंह, और कार्यकारी निदेशक सुब्रत भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया था।

जोशी ने कहा,''करोड़ों निवेशकों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले इस हजारों करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले में अन्य आरोपियों/संदिग्धों की भूमिका का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)