पेकनबारू (इंडोनेशिया), 28 अप्रैल (एपी) पश्चिमी इंडोनेशिया में 74 लोगों को ले जा रही एक नौका के डूबने से 11 लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति अब भी लापता है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पेकनबारू तलाश एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख न्योमन सिदकार्य ने बताया कि बचावकर्मियों को अभी तक 11 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक 62 लोगों को बचाया गया है, इनमें से कई लोग घंटों तक पानी में रहने के कारण बेहोश हो गए थे।
स्थानीय टेलीविजन पर प्रसारित वीडियो फुटेज में एक पलटी हुई नौका (स्पीडबोट) पर खड़े लोग मछली पकड़ने वाली नौका तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
सिदकार्य ने बताया कि ‘एवलिन कैलिस्टा 01’ नामक नौका में 68 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। अधिकतर लोग परिवार के सदस्यों के साथ ईद-उल-फितर की छुट्टी मनाने के लिए अपने गृहनगर से लौट रहे थे।
रियाउ प्रांत में इंद्रगिरि हिलिर रीजेंसी के टेम्बिलाहन कस्बे में एक बंदरगाह से निकलने के करीब तीन घंटे बाद बृहस्पतिवार दोपहर को नौका डूब गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY