देश की खबरें | संविधान सभा की मसौदा समिति का हिस्सा रहे 107 वर्षीय बुजुर्ग को कोविड-19 टीका लगाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत की संविधान सभा की मसौदा समिति का हिस्सा रहे 107 वर्षीय केवल कृष्ण को सोमवार को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई।
नयी दिल्ली, 15 मार्च भारत की संविधान सभा की मसौदा समिति का हिस्सा रहे 107 वर्षीय केवल कृष्ण को सोमवार को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई।
वर्ष 1918 में फैले घातक स्पेनिश फ्लू के दौरान केवल कृष्ण की उम्र केवल पांच वर्ष थी। उनके बेटे अनिल कृष्ण ने यह जानकारी दी।
अनिल कृष्ण ने कहा, '' कोरोना वायरस के चलते मार्च 2020 में लगे लॉकडाउन के बाद से 107 वर्षीय केवल कृष्ण पहली बार टीका लगवाने के लिए दक्षिणी दिल्ली स्थित अपने आवास से बाहर निकले।''
उन्होंने कहा, '' लॉकडाउन के बाद से हमने उन्हें घर में ही सुरक्षित रखने का निर्णय किया था। आज, हम उन्हें कार में बैठाकर उस अस्पताल में कोविड-19 टीका लगवाने लाए, जहां 2019 में केवल कृष्ण का ऑपरेशन हुआ था। टीका लगवाने के बाद उन्हें घर ले जाया गया।''
अनिल कृष्ण ने कहा कि वह अच्छा महसूस कर रहे हैं और उन्हें टीका लगने के बाद कोई प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि केवल कृष्ण ने घर वापस आकर पूजा भी की।
72 वर्षीय अनिल कृष्ण ने पीटीआई- से कहा, '' कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद हमने पिताजी से 1918 के स्पेनिश फ्लू के बारे में जानना चाहा। हालांकि, उस समय वह केवल पांच साल के थे इसलिए इस बारे में उन्हें ज्यादा याद नहीं है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)