देश की खबरें | अहमदाबाद के अस्पताल में आग लगने के बाद 106 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, कोई हताहत नहीं

अहमदाबाद, 30 जुलाई गुजरात के अहमदाबाद शहर में रविवार को एक 10 मंजिला अस्पताल के बेसमेंट में आग लगने से परिसर में घना धुआं फैल गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर लगभग 106 मरीजों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने कहा यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शहर के साहिबबाग में स्थित राजस्थान अस्पताल में तड़के करीब साढ़े चार बजे लगी। आग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है।

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अस्पताल के बेसमेंट में खड़ा एक चार पहिया वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में जारी नवीकरण कार्य के कारण बेसमेंट में रखी कई वस्तुओं में आग लग गई और घना धुआं फैल गया।

राज्य सरकार ने बाद में कहा कि इस आग के मद्देनजर सभी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इमारत के दो बेसमेंट में घने धुएं के कारण आग पर काबू पाने में लगभग आठ घंटे लग गए और दमकल कर्मियों को एक बेसमेंट में प्रवेश करने में परेशानियां हुईं।

राजस्थान हॉस्पिटल का संचालन एक परमार्थ ट्रस्ट करता है।

साहिबबाग थाने के निरीक्षक एम. डी चंपावत ने बताया कि राजस्थान अस्पताल के बेसमेंट में तड़के करीब साढ़े चार बजे आग लगी।

चंपावत ने पहले बताया था कि 125 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया । हालांकि पुलिस उपायुक्त कनन देसाई ने कहा कि आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर बहुमंजिला इमारत में भर्ती 106 मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया ।

उन्होंने कहा, “इनमें से सात मरीजों की हालत गंभीर थी और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।”

उप मुख्य दमकल अधिकारी जयेश खादिया ने कहा, “घने धुएं और प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचने में कठिनाइयों के कारण आग पर काबू पाने में लगभग आठ घंटे लग गए। हम धुएं का मुकाबला करते हुए पहले तहखाने में प्रवेश करने में कामयाब रहे, लेकिन दूसरे तहखाने में प्रवेश करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।”

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने कहा कि अस्पताल के बेसमेंट में रखे कबाड़ में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

पटेल ने कहा, “सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया। गुजरात सरकार आग की घटना के मद्देनजर सभी सार्वजनिक और निजी अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। बहुमंजिला इमारतों में आईसीयू वाले सभी अस्पतालों का फिर से निरीक्षण किया जाएगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)