एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मिजोरम में घर और डाक मतपत्रों के माध्यम से 10,585 मतदाताओं ने डाला वोट : सरकार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम में सात नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार तक कुल मिलाकर 10,585 वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और सरकारी अधिकारियों ने घर और डाक मतपत्रों के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मिजोरम में घर और डाक मतपत्रों के माध्यम से 10,585 मतदाताओं ने डाला वोट : सरकार

आइजोल, पांच नवंबर मिजोरम में सात नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार तक कुल मिलाकर 10,585 वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और सरकारी अधिकारियों ने घर और डाक मतपत्रों के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने रविवार को बताया कि 2,059 वरिष्ठ नागरिकों (80 वर्ष और उससे अधिक) और दिव्यांगजनों ने घर से मतदान की सुविधा का लाभ उठाते हुए मतदान किया जबकि सुरक्षा और चुनाव कर्मियों सहित 8,526 सरकारी अधिकारियों ने डाक मतपत्रों के माध्यम से मतदान किया।

उन्होंने बताया कि घर और डाक मतपत्रों के जरिए मतदान करने वाले वाले लोगों की संख्या की सूची में मिजोरम के 11 जिलों में आइजोल सबसे ऊपर रहा। अधिकारी ने बताया कि आइजोल में 2,534 मतदाताओं, लॉन्गतलाई में 1,614 और लुंगलेई में 1,582 मतदाताओं ने इस सुविधा के जरिए मतदान किया।

लियानजेला ने बताया कि मिजोरम के 1,276 मतदान केंद्रों में से 149 केंद्र दूरस्थ इलाके में स्थित हैं। उन्होंने बताया, ''इस तरह के मतदान केंद्रों पर जिन अधिकारियों को तैनात किया जाएगा उन्होंने रविवार से अपने-अपने तैनाती स्थलों के लिए रवाना होना शुरू कर दिया है।''

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार अभियान रविवार शाम चार बजे समाप्त हो गया।

अधिकारी ने बताया कि 4,39,026 महिलाओं सहित 8.57 लाख से अधिक मतदाता चुनाव में 174 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) ने क्रमशः 23 और चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है जबकि 27 निर्दलीय उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2023 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).