देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55,190 हो गई।

ईटानगर, नौ नवंबर अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55,190 हो गई।

स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में रविवार को कोविड-19 का एक भी मामला सामने नहीं आया था। इससे पहले शनिवार को चार और शुक्रवार को दो मामले सामने आए थे।

अधिकारी ने बताया कि संक्रमित हुए 13 और लोगों के स्वस्थ होने के बाद अब तक ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 54,864 हो गई है।

राज्य के सतर्कता अधिकारी डॉ. लोबसांग जाम्पा ने बताया कि संक्रमण के बाद ठीक होने वाले लोगों की दर में मामूली सुधार हुआ है। यह दर 99.41 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि इससे एक दिन पहले यह 99.40 प्रतिशत थी।

उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में संक्रमण से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई और मृतक संख्या 280 बनी हुई है। अरुणाचल प्रदेश में इस समय 46 उपचाराधीन मामले हैं।

अधिकारी ने बताया कि वेस्ट कामेंग, तवांग और लोअर दिबांग वैली जिलों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या सर्वाधिक है। यहां आठ-आठ मरीजों का उपचार चल रहा है। लोहित जिले में सात मरीज उपचाराधीन हैं।

उन्होंने बताया कि कोविड-19 का पता लगाने के लिए राज्य में अभी तक 11,89,475 नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से सोमवार को 890 नमूनों की जांच की गई। लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर 1.12 प्रतिशत है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ दिमोंग पादुंग ने बताया कि राज्य में अभी तक कुल 13,39,901 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\