विदेश

What Is Doublet Earthquake? 39 सेकंड के अंतराल में आए दो भूकंपों ने मचाई तबाही, जानें क्या होता है डबल्ट अर्थक्वेक और क्यों होता है इतना खतरनाक

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिपे शहर के पास था. इसके ठीक 39 सेकंड बाद उसी क्षेत्र के पास युमारे के निकट 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया.

What Is Doublet Earthquake? 39 सेकंड के अंतराल में आए दो भूकंपों ने मचाई तबाही, जानें क्या होता है डबल्ट अर्थक्वेक और क्यों होता है इतना खतरनाक

Venezuela Doublet Earthquake Explained: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला बुधवार शाम दो शक्तिशाली भूकंपों से दहल गया. महज 39 सेकंड के अंतराल में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों ने राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी. कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सरकार ने आपातकाल घोषित कर दिया है. इस दुर्लभ घटना के बाद "डबल्ट अर्थक्वेक" शब्द एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

वेनेजुएला में क्या हुआ?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिपे शहर के पास था. इसके ठीक 39 सेकंड बाद उसी क्षेत्र के पास युमारे के निकट 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया.

दोनों झटके शाम करीब 6 बजे स्थानीय समय पर महसूस किए गए. भूकंप के बाद राजधानी कराकास में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि एयरपोर्ट को भी भारी क्षति के कारण बंद कर दिया गया. राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया है.

USGS ने आशंका जताई है कि इस आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक मृतकों की संख्या 10,000 से 1 लाख तक पहुंच सकती है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं.

क्या होता है डबल्ट अर्थक्वेक?

डबल्ट अर्थक्वेक वह स्थिति होती है जब लगभग समान तीव्रता वाले दो बड़े भूकंप बहुत कम समय और एक ही क्षेत्र में आते हैं. इनमें दूसरा भूकंप पहले का सामान्य आफ्टरशॉक नहीं माना जाता, बल्कि दोनों को अलग-अलग मुख्य भूकंप माना जाता है.

आमतौर पर किसी बड़े भूकंप के बाद आने वाले आफ्टरशॉक पहले भूकंप से कम से कम एक तीव्रता कम होते हैं. लेकिन डबल्ट अर्थक्वेक में दोनों झटकों की तीव्रता लगभग समान होती है और दोनों एक ही फॉल्ट लाइन तथा तनाव क्षेत्र से जुड़े होते हैं.

विशेषज्ञों के अनुसार फॉल्ट लाइन में मौजूद चट्टानों के बड़े हिस्से, जिन्हें एस्पेरिटी कहा जाता है, मुख्य टूटन की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक देते हैं. इसके बाद जमा हुआ टेक्टोनिक तनाव एक बार में निकलने के बजाय दो अलग-अलग लेकिन बेहद करीब समय में निकलता है. यही डबल्ट अर्थक्वेक कहलाता है.

डबल्ट अर्थक्वेक क्यों होता है ज्यादा खतरनाक?

डबल्ट अर्थक्वेक सामान्य भूकंप की तुलना में अधिक खतरनाक माना जाता है. पहला झटका इमारतों को कमजोर कर देता है और उसके कुछ ही सेकंड बाद दूसरा शक्तिशाली झटका उन कमजोर संरचनाओं को पूरी तरह गिरा सकता है. इससे बचाव और राहत कार्य शुरू होने से पहले ही नुकसान कई गुना बढ़ जाता है.

इससे पहले 1997 में पाकिस्तान के हरनाई में 7.0 और 6.8 तीव्रता के दो भूकंप केवल 19 सेकंड के अंतराल में आए थे. वहीं अक्टूबर 2025 में फिलीपींस में भी इसी तरह का डबल्ट अर्थक्वेक दर्ज किया गया था.

वेनेजुएला में राहत और बचाव जारी

कराकास और कैरेबियाई तटीय इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूकंप के दौरान लोग दहशत में इमारतों से बाहर निकल आए, जबकि कई स्थानों पर दीवारें गिर गईं और धूल का गुबार छा गया.

विशेषज्ञों का कहना है कि वेनेजुएला आमतौर पर प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में नहीं आता, इसलिए यहां इतने शक्तिशाली डबल्ट अर्थक्वेक बेहद दुर्लभ माने जाते हैं. यही वजह है कि यह घटना देश की सबसे गंभीर प्राकृतिक आपदाओं में से एक बन गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2026 11:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).