विदेश

दक्षिण कोरिया के सेना ने दी जानकारी, कहा- उत्तर कोरिया ने दागी कम दूरी वाली अज्ञात मिसाइलें

उत्तर कोरिया द्वारा अपने पूर्वी तट पर कम दूरी वाली दो मिसाइलें दागने की जानकारी सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार सप्ताह भर के अंदर उत्तर कोरिया द्वारा किया गया यह तीसरा प्रक्षेपण है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया पर किसी भी तरह की बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण करने पर प्रतिबंध लगाया है.

दक्षिण कोरिया के सेना ने दी जानकारी, कहा- उत्तर कोरिया ने दागी कम दूरी वाली अज्ञात मिसाइलें
मिसाइल प्रक्षेपण (Photo Credits : IANS)

सियोल : उत्तर कोरिया (North Korea) द्वारा शुक्रवार को अपने पूर्वी तट पर कम दूरी वाली दो मिसाइलें दागने की जानकारी सामने आई है. दक्षिण कोरिया (South Korea) की सेना ने यह जानकारी दी है. सप्ताह भर के अंदर उत्तर कोरिया द्वारा किया गया यह तीसरा प्रक्षेपण है.

समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, ज्वॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ (जेसीएस) ने बताया कि दक्षिणी हैमयोंग प्रांत के योंगहंग से मिसाइलों को देर रात करीब 2.59 और 3.23 बजे पूर्वी सागर में प्रक्षेपित किया गया. जेसीएस के अनुसार, दोनों मिसाइलों ने लगभग 25 किलो मीटर की ऊंचाई पर 220 किलो मीटर तक की उड़ान भरी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों मिसाइलों की सर्वाधिक गति मैक 6.9 थी.

यह भी पढ़ें : उत्तर कोरिया ने समुद्र में छोटी दूरी की दो मिसाइलें दागीं: सियोल, दक्षिण कोरिया

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय चेओंग वा दे का कहना है कि उत्तर कोरिया द्वारा दागी गई मिसाईलें नई तरह की कम दूरी वाली बैलिस्टिक मिसाइलें लग रही हैं, लेकिन इस पर और विश्लेषण करने की आवश्यकता है. वहीं अमेरिकी मीडिया ने भी अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को कम दूरी की दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं.

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने वाशिंगटन में कहा कि उन्हें उत्तर कोरिया द्वारा किए गए नए प्रक्षेपणों की जानकारी है. समाचार एजेंसी योनहेप को एक अधिकारी ने बताया, "हमें उत्तर कोरिया द्वारा आज किए गए प्रक्षेपणों के सार्वजनिक रिपोर्ट की जानकारी है."

पिछले हफ्ते भी उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से कम दूरी की दो बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया था. जेसीएस के अनुसार, बुधवार को उत्तर कोरिया ने दो और मिसाइलें दागीं थी. हालांकि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया पर किसी भी तरह की बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण करने पर प्रतिबंध लगाया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 02, 2019 01:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).