पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह संदिग्ध आतंकवादी ढेर
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों के एक अभियान में छह संदिग्ध आतंकवादी मारे गए. इनमें दो शीर्ष आतंकवादी कमांडर शामिल हैं.
कराची, 25 सितंबर : पाकिस्तान (Pakistan) के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों के एक अभियान में छह संदिग्ध आतंकवादी मारे गए. इनमें दो शीर्ष आतंकवादी कमांडर शामिल हैं. पाकिस्तान सशस्त्र बलों की मीडिया एवं जनसंपर्क इकाई ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि अर्द्धसैन्य बलूचिस्तान फ्रंटियर कोर को खारान जिले के समीप एक ठिकाने में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली जिसके बाद शुक्रवार को अभियान चलाया गया. बयान में कहा गया है कि जैसे ही फ्रंटियर कोर के सैन्य इलाके में घुसे और उन्होंने इलाके की घेराबंदी की तो आतंकवादियों ने उन पर गोलियां चला दी और उन्होंने अपने ठिकाने से भागने की कोशिश की.
बयान में कहा गया है कि भीषण मुठभेड़ के बाद कमांडर गुल मीर उर्फ पुलेन और कलीमुल्ला बोलानी समेत छह आतंकवादी मारे गए. इलाके से हथियारों और गोला बारुद का भारी जखीरा भी बरामद किया गया है. इस महीने की शुरुआत में केच जिले के बुलेदा इलाके में सशस्त्र हमलावरों ने फ्रंटियर कोर के काफिले पर हमला कर दिया था जिसमें दो सैनिकों की मौत हो गयी थी और एक अन्य घायल हो गए था. यह भी पढ़ें : Daniel Craig ने माना जेम्स बॉन्ड की भूमिका करना करियर की सबसे बड़ी कामयाबी
वहीं पांच सितंबर को एक आत्मघाती हमलावर ने क्वेटा-मास्तुंग रोड पर फ्रंटियर कोर के काफिले को निशाना बनाया था जिसमें चार सैनिकों की मौत हो गयी थी और 21 अन्य घायल हो गए थे. बाद में प्रतिबंधित संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ ने आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 25, 2021 11:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

