विदेश

अफगानिस्तान ने काबुल में विस्फोट के बाद 100वां स्वतंत्रता दिवस समारोह किया स्थगित

अफगानिस्तान सरकार ने देश की 100वीं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले समारोह को स्थगित कर दिया है, जो ऐतिहासिक दर-उल-अमन पैलेस में सोमवार के लिए निर्धारित था. राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी के निर्देश पर अफगानिस्तान के 100वें स्वतंत्रता समारोह के आयोजन को टाल दिया है. तलिबान ने हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है.

अफगानिस्तान ने काबुल में विस्फोट के बाद 100वां स्वतंत्रता दिवस समारोह किया स्थगित
दर-उल-अमन पैलेस (Photo Credits : IANS)

काबुल : अफगानिस्तान सरकार ने देश की 100वीं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले समारोह को स्थगित कर दिया है, जो ऐतिहासिक दर-उल-अमन पैलेस में सोमवार के लिए निर्धारित था. खामा प्रेस के मुताबिक, राष्ट्रपति के प्रवक्ता सेदिक सेदिक्की ने कहा कि सचिवालय ने राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी (Mohammad Ashraf Ghani) के निर्देश पर अफगानिस्तान के 100वें स्वतंत्रता समारोह के आयोजन को टाल दिया है.

राष्ट्रपति ने काबुल में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति सम्मान व संवेदना व्यक्त करने के लिए यह फैसला लिया है. सेदिक ने आगे कहा कि राष्ट्रपति अफगानिस्तान के 100वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आजादी के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक भाषण देंगे और स्वतंत्रता मीनार पर पुष्प चक्र अर्पित करेंगे.

यह भी पढ़ें : अफगानिस्तान: काबुल में शादी समारोह के दौरान हुआ बड़ा धमाका, हादसे में 63 लोगों की मौत, 183 से ज्यादा जख्मी

गौरतलब है कि शनिवार रात काबुल में एक शादी समारोह के दौरान विस्फोटकों से लैस एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था, जिसमें 63 लोग मारे गए और 182 घायल हो गए. इस बीच रविवार को विस्फोट में मारे गए लोगों को दफनाया गया, अधिकांश को सामूहिक रूप से दफनाया गया.

टोलो न्यूज के मुताबिक, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने एक बयान में कहा, "मैं वेडिंग हॉल में अमानवीय हमले की कड़ी निंदा करता हूं. फिलहाल मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता इस बर्बर हमले के पीड़ितों के परिवारों की मदद करना है." तलिबान ने हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 19, 2019 10:55 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).