इमरान कैसे बनायेंगे 'नया पाकिस्तान': लड़कियों के 2 स्कूलों में धमाके, 12 स्कूलों को किया आग के हवाले
जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से खबर दी, ‘दो विद्यालयों में धमाके भी किए गए. इन हमलों के बाद स्थानीय बाशिंदों ने सिद्दिकी अकबर चौक पर प्रदर्शन किया तथा अपराधियों की गिरफ्तारी एवं शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा की मांग की.
कराची: एक तरफ जहां पाकिस्तान चुनाव में मिली जीत के बाद इमरान खान प्रधानमंत्री बनने जा रहे है. वही दूसरी तरफ उनके मुल्क में अमन और शांति कैसे कायम होगी यह सबसे बड़ा सवाल है. हालांकि इमरान खान ने साफ कहा है कि एक नए पाकिस्तान का उदय होगा. ताजा आतंकी हमले ने फिर सवाल खड़ा कर दिया है. इसी कड़ी में पाकिस्तान के अशांत गिलगित-बाल्टिस्तान में अज्ञात व्यक्तियों ने लड़कियों के 12 स्कूल जला दिए जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अक्सर आतंकवादियों के निशाने पर रहने वाले शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. पुलिस ने बताया कि गिलगित से करीब 130 किलोमीटर दूर चिलास में गुरुवार देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने इन स्कूलों में आग लगा दी. उन्होंने पूरे डायमर जिले में स्कूल संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया.
जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से खबर दी, ‘दो विद्यालयों में धमाके भी किए गए. इन हमलों के बाद स्थानीय बाशिंदों ने सिद्दिकी अकबर चौक पर प्रदर्शन किया तथा अपराधियों की गिरफ्तारी एवं शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा की मांग की.
गौरतलब है कि पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में बालिका विद्यालय अक्सर आतंकवादियों के निशाने पर होते हैं. पुलिस ने गुनाहगारों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया है. जिला प्रशासन के मुताबिक ये विद्यालय निर्माणाधीन थे.
चिलास में दिसंबर, 2011 में कम से कम दो बालिका विद्यालयों को कम क्षमता वाले धमाकों में आंशिक नुकसान पहुंचा था.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2018 06:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

