TCS Share Fall Due to 12000 Employee Layoffs: देश की सबसे बड़ी IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने जब से 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की घोषणा की है, तभी से बाजार में हलचल मच गई है. सोमवार सुबह शेयर बाजार खुलते ही TCS के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. कंपनी के शेयर महज 5 मिनट में 1.7% टूट गए, जिससे निवेशकों को करीब 18,250 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा. TCS के शेयर सोमवार को ₹3,113 पर खुले, लेकिन कुछ ही मिनटों में गिरकर ₹3,081 तक पहुंच गए. इससे निवेशकों की संपत्ति मिनटों में सिमट गई.
यह गिरावट कंपनी की उस घोषणा के बाद आई है, जिसमें कहा गया कि वह वित्त वर्ष 2025-26 में अपनी वैश्विक वर्कफोर्स में से करीब 2% यानी 12,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी करेगी.
ये भी पढें: TCS Layoffs 2025: टीसीएस में बड़ी छंटनी, 12000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा, जानें क्या है वजह
TCS के पास 6.13 लाख से ज्यादा कर्मचारी
फिलहाल TCS के पास 6.13 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं, और यह छंटनी मुख्य रूप से मिड और सीनियर लेवल के कर्मचारियों को प्रभावित करेगी. कंपनी ने कहा कि यह कदम लागत घटाने या ऑटोमेशन के कारण नहीं उठाया गया है, बल्कि इसका मकसद है कंपनी को तकनीकी बदलावों के लिए तैयार करना.
TCS के CEO के. कृतिवासन ने इसे "अब तक का सबसे मुश्किल फैसला" बताया. उन्होंने कहा कि कंपनी नई तकनीकों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन की दिशा में आगे बढ़ रही है, और इसमें पुराने स्किलसेट की भूमिका सीमित हो गई है. इस बदलाव के चलते कई अनुभवी कर्मचारी नई तकनीकों के साथ तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं.
पहली तिमाही में ₹12,760 करोड़ का मुनाफा
कंपनी का कहना है कि वह छंटनी किए जा रहे कर्मचारियों को पूरी तरह से सपोर्ट देगी. इसके तहत उन्हें सेवेरेंस पैकेज, एक्सटेंडेड इंश्योरेंस, नोटिस पीरियड का वेतन और अन्य कंपनियों में नौकरी दिलवाने की कोशिशें भी की जाएंगी.
इस बीच, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ₹12,760 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है, जो साल-दर-साल 6% की बढ़ोतरी है. रेवेन्यू में भी 1.3% की ग्रोथ के साथ यह ₹63,437 करोड़ तक पहुंच गया है. साथ ही, कंपनी ने ₹11 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है.
बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है
हालांकि, छंटनी की खबरों का असर निवेशकों के भरोसे पर पड़ा है, और इसी वजह से शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है. मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में IT सेक्टर में इस तरह की और छंटनियों की आशंका से बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.













QuickLY