PhonePe Wallet Inactivity Fee: एक साल तक इस्तेमाल नहीं किया तो देना पड़ सकता है 100 रुपये शुल्क, जानें पूरी डिटेल

PhonePe Wallet Inactivity Fee: भारत के सबसे लोकप्रिय यूपीआई ऐप्स में से एक PhonePe ने अपने इन-ऐप वॉलेट फीचर को लेकर नई पॉलिसी लागू की है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स नाराजगी जता रहे हैं. कंपनी ने घोषणा की है कि यदि किसी PhonePe Wallet में लगातार 365 दिनों तक कोई गतिविधि नहीं होती है, तो उस पर हर तिमाही 100 रुपये और जीएसटी का इनएक्टिविटी शुल्क लगाया जाएगा. Phonepe and Mastercard New Tap and Pay Feature: भारत में Phonepe और मास्टरकार्ड ने नया टैप एंड पे फीचर पेश किया, कॉन्टैक्टलेस पेमेंट होगा आसान

PhonePe की अपडेटेड शर्तों के अनुसार, वॉलेट में केवल वॉलेट से जुड़े लेनदेन ही गतिविधि माने जाएंगे. यानी केवल ऐप में लॉग इन करना या बैंक खाते से सामान्य UPI भुगतान करना पर्याप्त नहीं होगा. वॉलेट में पैसा जोड़ना या वॉलेट से भुगतान करना ही एक्टिविटी माना जाएगा.

यदि किसी यूजर के वॉलेट में 100 रुपये से कम बैलेंस है, तो कंपनी उपलब्ध पूरी राशि काट लेगी और वॉलेट का बैलेंस शून्य हो जाएगा. हालांकि, वॉलेट का बैलेंस कभी नेगेटिव नहीं किया जाएगा.

PhonePe की नई पॉलिसी पर यूजर्स नाराज

इस फैसले के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है. कई लोगों का कहना है कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि उनके नाम पर PhonePe Wallet सक्रिय है. कई यूजर्स को पहली बार इस पॉलिसी की जानकारी तब मिली जब उन्हें SMS के जरिए वॉलेट इस्तेमाल करने की चेतावनी मिली.

टेक टिप्स शेयर करने वाले अभिषेक यादव ने भी X पर एक ऐसा ही अलर्ट साझा किया. उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोग PhonePe Wallet का उपयोग नहीं करते और सीधे अपने बैंक खाते से UPI भुगतान करते हैं. ऐसे में किसी ऐसी सुविधा के लिए शुल्क लेना जिसका लोग इस्तेमाल ही नहीं करते, यूजर्स को परेशान कर सकता है.

PhonePe 365 दिनों से इनएक्टिव वॉलेट्स पर 100 रुपये की फीस लेगा

वॉलेट बंद करने की प्रक्रिया भी बनी परेशानी

कई यूजर्स ने यह भी शिकायत की है कि PhonePe Wallet को बंद करने या उसमें बची छोटी राशि निकालने के लिए फुल KYC प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है. इसके लिए PAN और Aadhaar जैसी जानकारी जमा करनी होती है, जिससे कई लोग असहज महसूस कर रहे हैं.

PhonePe का शुल्क कैसे बचाएं?

यदि आप इस शुल्क से बचना चाहते हैं तो कुछ आसान तरीके हैं:

  • 365 दिनों की अवधि पूरी होने से पहले वॉलेट से कम से कम एक लेनदेन करें.
  • वॉलेट में मौजूद पूरी राशि खर्च करके बैलेंस शून्य कर दें.
  • ऐप की सेटिंग्स में जाकर PhonePe Wallet को पूरी तरह बंद कर दें.

इनमें से कोई भी कदम उठाने पर इनएक्टिविटी अवधि रीसेट हो जाएगी. यह शुल्क केवल PhonePe Wallet पर लागू होता है. बैंक खाते से होने वाले सामान्य UPI भुगतान पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.

अन्य कंपनियां भी लगा चुकी हैं ऐसा शुल्क

फोनपे इस तरह का शुल्क लगाने वाली पहली कंपनी नहीं है. इससे पहले MobiKwik ने 2021 में इनएक्टिविटी शुल्क लागू किया था. वहीं Airtel Payments Bank भी निष्क्रिय वॉलेट पर मेंटेनेंस शुल्क वसूल चुका है.

फिलहाल, फोनपे का कहना है कि यह कदम RBI के दिशा-निर्देशों के तहत निष्क्रिय वॉलेट खातों के रखरखाव की लागत को पूरा करने के लिए उठाया गया है. हालांकि, इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और नाराजगी जारी है.