क्रिकेट

PAK VS HKG, Asia Cup 2022: रिजवान और फखर के अर्धशतकों की मदद से पाक ने हांगकांग को दिया 194 रनों का लक्ष्य

PAK VS HKG, Asia Cup 2022: रिजवान और फखर के अर्धशतकों की मदद से पाक ने हांगकांग को दिया 194 रनों का लक्ष्य

मोहम्मद रिजवान (78 नाबाद), फखर जमान (53) और खुशदिल शाह (35 नाबाद) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की वजह से यहां शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले जा रहे एशिया कप 2022 के छठे और अहम मैच में पाकिस्तान ने हांगकांग को 194 रनों का लक्ष्य दिया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 193 रन बनाए। हांगकांग की ओर से एहसान खान ने दो विकेट झटके. इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पावरप्ले में धीमी शुरुआत की और एक विकेट गंवाकर 40 रन बनाए। इस दौरान, कप्तान बाबर आजम (9) को एहसान ने अपना शिकार बनाया। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और फखर जमान ने पारी को आगे बढ़ाते हुए आठ ओवर में टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया. यह भी पढ़ें: घुटने की चोट के कारण रवींद्र जडेजा एशिया कप से बाहर

धीमी पिच पर दोनों ही बल्लेबाज कुछ अच्छे शॉट लगाने में कामयाब रहे, लेकिन हांगकांग के गेंदबाज उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे. इस बीच, रिजवान ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 13 ओवर के बाद दोनों ही बल्लेबाजों ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया.

रिजवान के बाद फखर ने भी छक्का मारकर 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिससे 16 ओवर में पाकिस्तान ने एक विकेट खोकर 129 रन बनाए। लेकिन अगले ओवर में एहसान ने फखर (तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 41 गेंदों में 53 रन) को आउट अपना दूसरा विकेट हासिल किया। इसके साथ ही उनके और रिजवान के बीच 81 गेंदों में रनों की 116 रनों की साझेदारी का अंत भी हो गया.

चौथे नंबर पर आए खुशदिल शाह ने रिजवान का साथ दिया, जिससे 18 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 156 रन जोड़े। 20वां ओवर फेंकने आए एजाज खान की गेंदों पर खुशदिल ने चार छक्के सहित 29 रन बटोर लिए, जिससे पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 193 रन पर पहुंच गया.

रिजवान चार चौके और एक छक्के की मदद से 57 गेंदों में 78 रन और खुशदिल पांच छक्के की मदद से 15 गेंदों में 35 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने 23 गेंदों में 64 रनों की जबरदस्त अटूट साझेदारी की.

हांगकांग को एशिया कप के सुपर फोर में क्वालीफाई करने के लिए 194 रन बनाने होंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2022 10:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).