Under-19 Women's World Cup 2025: अंडर-19 महिला विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम घोषित, निकी प्रसाद करेंगी अगुवाई
आगामी महिला विश्व कप के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. 15 सदस्यीय टीम का नेतृत्व निकी प्रसाद करेंगी. भारत मौजूदा अंडर-19 महिला चैंपियन है और इस बार भी खिताब बचाने का प्रयास करेगा.
मुंबई, 24 दिसंबर : आगामी महिला विश्व कप के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. 15 सदस्यीय टीम का नेतृत्व निकी प्रसाद करेंगी. भारत मौजूदा अंडर-19 महिला चैंपियन है और इस बार भी खिताब बचाने का प्रयास करेगा. एशिया कप विजेता टीम की कप्तान निकी प्रसाद की अगुवाई में टीम इंडिया अपने अभियान को आगे बढ़ाएगी. निकी की कप्तानी में हाल ही में भारत ने मलेशिया के कुआलालंपुर में पहला अंडर-19 महिला एशिया कप खिताब जीता. दिलचस्प बात यह है कि अंडर-19 महिला विश्व कप भी मलेशिया में 18 जनवरी से 2 फरवरी, 2025 तक आयोजित होगा. 2023 में, शैफाली वर्मा की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में हुए पहले अंडर-19 महिला विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था.
एशिया कप की विजेता टीम से वैष्णवी एस को मुख्य टीम में शामिल किया गया है, जबकि नंधना एस को रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया है. टीम में सानिका चालके उप-कप्तान होंगी, और कमलिनी व भाविका अहीर को विकेटकीपर के रूप में चुना गया है. टूर्नामेंट में 4 ग्रुप हैं, और हर ग्रुप में 4 टीमें होंगी. भारत को ग्रुप ए में मेजबान मलेशिया, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के साथ रखा गया है. भारत के ग्रुप मैच कुआलालंपुर के बायुएमास ओवल स्टेडियम में खेले जाएंगे. भारत अपना पहला मैच 19 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा. यह भी पढ़ें : IND W vs WI W 2nd ODI 2024 Live Streaming: आज टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाए लाइव मुकाबले का लुफ्त
ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप से 3 टीमें सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करेंगी. सुपर सिक्स में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा. ग्रुप 1 में ग्रुप ए और ग्रुप डी की टॉप 3 टीमें होंगी. जबकि ग्रुप 2 में ग्रुप बी और ग्रुप सी की टॉप 3 टीमें शामिल होंगी. सुपर सिक्स में, टीमें अपने पिछले पॉइंट्स, जीत और नेट रन-रेट के साथ आगे बढ़ेंगी. हर टीम सुपर सिक्स में 2 मैच खेलेगी. सुपर सिक्स के दो ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो 31 जनवरी, 2025 को होंगे. टूर्नामेंट का फाइनल 2 फरवरी, 2025 को खेला जाएगा.
भारत की टीम : निकी प्रसाद (कप्तान), सानिका चालके (उप-कप्तान), जी तृषा, कमलिनी जी (विकेटकीपर), भाविका अहीर (विकेटकीपर), ईश्वरी आवसरे, मिथिला विनोद, जोशिता वी जे, सोनम यादव, परिणीता सिसोदिया, केसरी दृष्टि, आयुषी शुक्ला, आनंदिता किशोर, एमडी शबनम, वैष्णवी एस
रिजर्व खिलाड़ी: नंधना एस, इरा जे, अनादी टी
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2024 11:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

