World Test Championship Points Table: टीम इंडिया बनाम अफगानिस्तान टेस्ट से पहले WTC पॉइंट्स टेबल का हाल, जानें भारत किस स्थान पर मौजूद
भारत बनाम अफगानिस्तान (Photo Credit: X Formerly Twitter)

ICC World Test Championship Points Table: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला कल यानी 6 जून से खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ (New Chandigarh) के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर (Maharaja Yadavindra Singh International Cricket Stadium, Mullanpur) में भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा. इस मुकाबले के साथ दोनों टीमों के बीच बहुप्रतीक्षित दौरे की शुरुआत होगी, जिसमें एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में होगी, जबकि अफगानिस्तान की अगुवाई हशमतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi) कर रहे है. यह मुकाबला आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं होगा. ऐसे में दोनों टीमें जीत के साथ दौरे का आगाज करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. यह भी पढ़ें: Suryakumar Yadav T20I Captaincy Stats: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन, 'मेन इन ब्लू' के आकंड़ों पर एक नजर

आईपीएल 2026 के समापन के बाद भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने जा रही है. भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा. इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका होगा जब भारत और अफगानिस्तान की टीमें टेस्ट क्रिकेट में आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले से पहले फैंस की नजर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका पर भी टिकी हुई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि फिलहाल टीम इंडिया किस स्थान पर है और क्या अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट का WTC पॉइंट्स टेबल पर कोई असर पड़ेगा.

WTC पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है टीम इंडिया

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल छठे स्थान पर मौजूद है. WTC में टीमों की रैंकिंग जीत-हार के बजाय पॉइंट्स प्रतिशत (Percentage of Points) के आधार पर तय की जाती है. टीम इंडिया का मौजूदा पॉइंट्स प्रतिशत 48.15 है, जिसके चलते वह शीर्ष चार टीमों से काफी पीछे दिखाई दे रही है.

वहीं ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज है. न्यूजीलैंड दूसरे और पिछली बार की चैंपियन दक्षिण अफ्रीका तीसरे स्थान पर मौजूद है. श्रीलंका चौथे और बांग्लादेश पांचवें स्थान पर है. भारत के बाद इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज क्रमशः सातवें, आठवें और नौवें स्थान पर मौजूद हैं.

WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल

1. ऑस्ट्रेलिया

2. न्यूजीलैंड

3. दक्षिण अफ्रीका

4. श्रीलंका

5. बांग्लादेश

6. भारत

7. इंग्लैंड

8. पाकिस्तान

9. वेस्टइंडीज

भारत-अफगानिस्तान टेस्ट से नहीं मिलेगा WTC का फायदा

भारतीय टीम अगर अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मुकाबले में जीत दर्ज भी कर लेती है, तब भी उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में कोई अतिरिक्त अंक नहीं मिलेगा. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि अफगानिस्तान उन नौ टीमों में शामिल नहीं है जो मौजूदा WTC चक्र का हिस्सा हैं.

इसके अलावा भारत और अफगानिस्तान के बीच सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला जाना है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत आमतौर पर दो या उससे अधिक मैचों की टेस्ट सीरीज को शामिल किया जाता है. ऐसे में इस मुकाबले का परिणाम WTC 2025-27 की अंक तालिका पर कोई प्रभाव नहीं डालेगा.

टीम इंडिया की नजरें जीत के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने पर

भले ही इस मुकाबले से WTC अंक नहीं मिलने वाले हों, लेकिन भारतीय टीम के लिए यह टेस्ट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में उतर रही है और युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का यह शानदार मौका होगा. ऐसे में भारतीय टीम की कोशिश जीत के साथ अपने आत्मविश्वास को मजबूत करने की होगी, ताकि आगे आने वाली बड़ी टेस्ट सीरीज में वह बेहतर प्रदर्शन कर सके.