Suryakumar Yadav T20I Captaincy Record: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान कुछ ऐसा रहा हैं सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन, यहां देखें आकंड़ें
टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सूर्यकुमार यादव (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Suryakumar Yadav T20I Captaincy Record: भारतीय टी20 टीम में आने वाले कुछ दिनों में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया को जून महीने के आखिर में आयरलैंड दौरे पर दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए अभी टीम का ऐलान होना बाकी है. इसी बीच भारतीय टी20 टीम के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार चयनकर्ता टी20 टीम के लिए नए कप्तान की घोषणा कर सकते हैं. वहीं सूर्यकुमार यादव को टीम में अपनी जगह बचाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ सकता है. इसकी सबसे बड़ी वजह उनका हालिया खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन माना जा रहा है. यह भी पढ़ें: Pakistan vs Australia, 3rd ODI Match Live Toss And Scorecard: गद्दाफी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान जोश इंगलिस ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

हालांकि कप्तानी के आंकड़ों पर नजर डालें तो सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने भारतीय टीम को टी20 इंटरनेशनल में लगातार सफलता दिलाई है और उनकी कप्तानी में टीम ने एक भी सीरीज नहीं गंवाई है.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में नहीं गंवाई एक भी सीरीज

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद रोहित शर्मा के इस फॉर्मेट से संन्यास लेने पर सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम का नियमित टी20 कप्तान बनाया गया था. इससे पहले भी उन्होंने रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में सात टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में टीम की कमान संभाली थी.

बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 52 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें से 42 मैचों में जीत हासिल की. वहीं सिर्फ 8 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 2 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल सका.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने कुल 9 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेलीं और सभी में जीत दर्ज की. इसके अलावा एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने बिना कोई मैच गंवाए खिताब अपने नाम किया. वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के दौरान भी टीम इंडिया को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा.

कप्तान के रूप में बल्लेबाजी में भी छोड़ी छाप

सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 52 मैचों की 49 पारियों में बल्लेबाजी की है. इस दौरान उन्होंने 28.65 की औसत और 154.96 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1232 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से बतौर कप्तान एक शतक और आठ अर्धशतक देखने को मिले हैं. हालांकि वह चार बार बिना खाता खोले भी आउट हुए हैं. टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का सर्वोच्च स्कोर 100 रन रहा है.

सूर्यकुमार यादव ने यह शतकीय पारी 14 दिसंबर 2023 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेली थी. भले ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर सवाल उठ रहे हों, लेकिन आंकड़े साफ बताते हैं कि उन्होंने बतौर कप्तान भारतीय टीम को लगातार सफलता दिलाई है. ऐसे में यदि कप्तानी में बदलाव होता है तो चयनकर्ताओं के इस फैसले पर क्रिकेट जगत की नजरें जरूर रहेंगी.