Ind vs Eng 1st Test Day 3: नॉटिंघम टेस्ट में आज गेम चेंजर साबित हो सकते हैं Rishabh Pant, यहां पढ़ें वजह
इंग्लैंड बनाम भारतीय क्रिकेट टीम के बीच नॉटिंघम स्थित ट्रेंट ब्रिज क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मजबूत भारतीय बल्लेबाजी क्रम विपक्षी टीम के सामने चरमरा गई. टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (36) जहां अच्छी शुरुआत मिलने के बाद बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हुए.
लंदन, 6 अगस्त: इंग्लैंड बनाम भारतीय क्रिकेट टीम के बीच नॉटिंघम (Nottingham) स्थित ट्रेंट ब्रिज क्रिकेट ग्राउंड (Trent Bridge Cricket Ground) में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मजबूत भारतीय बल्लेबाजी क्रम विपक्षी टीम के सामने चरमरा गई. टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (36) जहां अच्छी शुरुआत मिलने के बाद बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हुए, वहीं चेतेश्वर पुजारा (4) और कप्तान विराट कोहली (0) विकेट पर पैर जमाते उससे पहले ही इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. 104 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद पारी संवारने की जिम्मेदारी केएल राहुल और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के कंधो पर आ गई, लेकिन ये जोड़ी कुछ खास करिश्मा दिखा पाती उससे पहले ही रहाणे तेजी से रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए.
उपरीक्रम के प्रमुख बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मैदान में 23 वर्षीय युवा विकेटकीपर खिलाड़ी ऋषभ पंत (Rishabh Pant) बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने केएल राहुल के साथ मैच रुकने तक टीम को और कोई क्षति नहीं होने दी. तीसरे दिन का खेल भारतीय समयानुसार 3.30 बजे से शुरू होगा. तीसरे दिन के खेल शुरू होने से पहले सभी की नजरें युवा विकेटकीपर खिलाड़ी पर टिकी हुई हैं.
दरअसल पंत विकेट पर टिकने के बाद जिस तरीके से बल्लेबाजी करते हैं उस परिस्थिति में वह कुछ ही देर में मैच का रुख मोड़ देते हैं. टीम इंडिया पहली पारी के आधार पर फिलहाल 58 रन पीछे है. ऐसे में अगर आज पंत कुछ देर विकेट पर टिकने में कामयाब हो जाते हैं तो वह भारतीय टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं. भारतीय टीम चाहेगी कि वह तीसरे दिन पहली पारी में ज्यादा से ज्यादा रन बनाकर विपक्षी टीम के सामने एक बड़ा स्कोर रखे. टीम की इस रणनीति में पंत का अहम रोल होगा.
बात करें ऋषभ पंत के टेस्ट क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने देश के लिए रेड बॉल क्रिकेट में अबतक 22 टेस्ट मैच की 36 पारियों में 1410 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम तीन शतक और छह अर्धशतक दर्ज है. टेस्ट क्रिकेट में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी प्रदर्शन नाबाद 159 रन है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 06, 2021 01:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

